मोबाइल टूटने पर नौकर ने कर दी मालिक के मासूम बेटे की हत्या, खेत में फेंका शव
आगरा। ताजनगरी आगरा में एक सितंबर से गायब सात वर्षीय धनराज की जान उसके घर के नौकर अनिल ने ही ले ली। मोबाइल टूटने से नाराज हुए नौकर ने मासूम की बेरहमी से हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया था। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो गया। परिजनों ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई तो कप्तान के आदेश पर पुलिस एक्शन में आई। फरार नौकर को शमशाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। फिर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी नौकर की निशानदेही पर शव बरामद हो गया।

पशुओं की देख रेख के लिए रखा था नौकर
सैंया थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव के निवासी लोकेन्द्र ने कुछ दिन पहले ही पशुओं की देखभाल करने के लिए अनिल को नौकरी पर रखा था। पशुओं की देखरेख के दौरान अनिल और मासूम धनराज का एक दूसरे से भी लगाव हो गया। सात वर्षीय धनराज एक सितंबर को नौकर अनिल के साथ खेत पर जाने के लिए निकला था। उसके बाद अनिल हत्या को अंजाम देकर फरार हो गया। तभी से नौकर और मासूम दोनों गायब चल रहे थे। नौकर अनिल झूठ बोलकर घर के बाहर खेल रहे मासूम धनराज को अपने साथ ले गया था। धनराज की खोज के लिए परिजनों ने हर संभव प्रयास किया। सैंया पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर धनराज को ढूढ़ने का प्रयास किया। 12 दिन तक मासूम का पता न चलने के बाद परेशान परिजनों ने गुरुवार को एसएसपी से मिलकर कार्रवाई तेज करने की गुहार लगाई थी।

हत्या के बाद खेत में फेंका शव
एसएसपी के निर्देश पर सैंया पुलिस ने एक्शन मोड में आकर शमशाबाद से नौकर अनिल को गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेकर अनिल से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारा राज पुलिस के सामने उगल दिया। अनिल ने धनराज की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को बाजरे के खेत में ठिकाने लगा दिया था। पुलिस टीम ने आरोपी नौकर अनिल की निशानदेही पर धनराज के शव को खेत से बरामद कर लिया।

हत्या की वजह बना मोबाइल
शिक्षामित्र लोकेन्द्र ने 25 अगस्त के आसपास अनिल को पशुओं की देखभाल करने के लिए रखा था। एक-दो दिन में ही मासूम धनराज नौकर अनिल के साथ घुलमिल गया। सात वर्षीय धनराज से खेलते वक्त अनिल का मोबाइल टूट गया। धनराज के हाथों मोबाइल टूटने से अनिल के मन में द्वेष-भावना घर कर गई और उसने नौकरी छोड़ने का मन बना लिया। लोकेन्द्र से उसने अपने रूपए मांगे और नौकरी छोड़ने की बात कही। एक सितंबर को रुपए लेकर नौकरी छोड़कर जा रहे अनिल को घर के बाहर खेलते हुए धनराज दिख गया। खेत से पशु भगाने का झूठ बोलकर अनिल अपने साथ धनराज को ले गया। बाजरे के खेत में धनराज की गला दबाकर हत्या करने के बाद लाश को वहीं ठिकाने लगाने के बाद अनिल फरार हो गया। पुलिस ने गुरुवार रात को अनिल को शमशाबाद से दबोच लिया।












Click it and Unblock the Notifications