आगरा: रेलवेकर्मी की पत्नी की संदिग्ध हालात में हुई मौत, हादसा या हत्या की जांच में जुटी पुलिस
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति ने महिला के परिजनों और पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, इस बात की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने आऱोपित पति को हिरासत में ले लिया है।

मामला आगरा जिले के सदर मुस्तफा क्वार्ट का है। जानकारी के मुताबिक, मथुरा के नया बास अड्डा निवासी उषा (25) की शादी मुस्तफा क्वार्टर स्थित जनता कॉलोनी के रहने वाले कुंवरपाल के साथ मार्च 2019 में हुई थी। कुंवरपाल रेलवे में चतुर्थी श्रेणी कर्मचारी है। शनिवार की सुबह उषा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति ने आनन-फानन में सुबह नौ बजे विद्युत शवदाह गृह में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उषा की मौत की जानकारी होने पर परिजन उसकी ससुराल पहुंच गए।
उषा के परिजनों ने कुंवरपाल पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि कुंवरपाल शादी के बाद उषा को अतिरिक्त दहेज व कार की मांग करता था और उसे परेशान किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि कुंवरपाल ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी उन्हें रिश्ता करवाने वाले बिचौलिया के माध्यम से हुई है। वो जब तक पहुंचे तब तक कुंवरपाल ने उनकी बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों द्वारा हंगामा करने की जानकारी होने पर पहुंचे सीओ सदर विकास जायसवाल ने उन्हें शांत कराया। सीओ सदर विकास जायसवाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उषा के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, साथ ही कुंवरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि मृतका की नेचुरल डेथ थी या फिर उसकी हत्या हुई है।












Click it and Unblock the Notifications