चार्जिंग पर लगे मोबाइल में लीड लगाकर गाना सुन रहे थे दो भाई, धमाके में गई एक की जान
आगरा। डिजिटल हो चुकी इस दुनिया में हर शख्स के हाथ में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर किसी के हाथ में मोबाइल फोन मिल जाता है। आलम ये है कि चार्जिंग के दौरान भी लोग फोन पर बात करने और उसके इस्तेमाल से पीछे नहीं रहते है, लेकिन ये आदत आपकी जान भी ले सकती है। जी हां, यूपी के आगरा में चार्जिंग पर लगे मोबाइल से गाना सुनना दो भाइयों को भारी पड़ गया।

चार्जिंग पर लगा मोबाइल हुआ ब्लास्ट
घटना आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव छतरिया पुरा की है। यहां धर्मेंद्र पुत्र राम मूर्ति व नीरज पुत्र राजेंद्र सिंह शुक्रवार दोपहर दोनों भाई मोबाइल को चार्ज पर लगाकर कान में लीड लगाकर गाना सुन रहे थे। गाने सुनते समय अचानक से मोबाइल में जोरदार करंट आने से धमाके के साथ मोबाइल फट गया। करंट ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायल युवकों को नर्सिंग होम पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
बता दें, इससे पहले भी यूपी के कन्नौज में ऐसा मामला सामने आया था। यहां चार्जिंग पर लगे मोबाइल को इस्तेमाल कर रहे एक बच्चे के हाथ में ही मोबाइल फट गया था। हादसे में बच्चा बुरी तरह जख्मी हो गया था। वहीं, दूसरी घटना में एक बुजुर्ग रात को मोबाइल अपनी शर्ट की जेब में रखकर सो गया था। आधी रात में मोबाइल फट गया था। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications