पाकिस्तान के लिए जासूसी करता था भारतीय जवान, आगरा से हिरासत में लिया
नई दिल्ली, 13 सितंबर: पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में आगरा से भारतीय सेना के जवान को हिरासत में लिया गया है। दरअसल, भारतीय सेना में छिपे गद्दारों का पता लगाने के लिए मिलिट्री इंटेलिजेंस का ऑपरेशन लगातार जारी है। इससे पहले जुलाई में आईएसआई के लिए जासूसी करने के मामले में सैन्यकर्मी परमजीत को आगरा कैंट से गिरफ्तार किया गया था।

ऐसे में एक बार फिर पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा भारतीय सुरक्षा बलों के जवानों से खुफिया जानकारी हासिल करने के एक संदिग्ध प्रयास को विफल कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के आगरा में सैन्यकर्मी को पाकिस्तानी जासूसों के साथ संबंध रखने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। बता दें कि पिछले कुछ सालों में पाकिस्तानी एजेंसियों ने भारतीय जवानों को फंसाकर उनसे संवेदनशील सैन्य जानकारी हासिल करने के कई प्रयास किए हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई को सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ऐसे एजेंटों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, विशेष रूप से सैन्य क्षेत्रों के आसपास। आगरा में कुछ सैन्य कर्मियों की अवांछित तत्वों के साथ बातचीत में शामिल होने की बात सामने आई थी, जिनको भारतीय खुफिया एजेंसियों ने अपनी सक्रिय कार्रवाई के आधार पर खोजा निकाला।
उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ लोगों को पहले ही हिरासत में ले लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया अगर जासूसी में वो शामिल हैं तो फिर लोगों का भी पता लगाया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि जानकारी लीक होने से रोकने के लिए अधिकारियों की ओर से ऐसे मुद्दों की सैन्य कर्मियों को जानकारी दी जाती है।
वहीं वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने दोहराया है कि इस तरह के किसी भी मामले का पता चलता है तो इसमें शामिल सभी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं संदिग्ध गतिविधियों में पकड़े जाने के बाद कई सुरक्षा कर्मियों को सेवा से बर्खास्त और जेल में डाल दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications