Coronavirus update: आगरा के आठ संक्रमित में से सात हुए ठीक, जांच में सैंपल निगेटिव
आगरा। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से राहत की खबर आई है। आगरा के आठ संक्रमित मरीजों में से सात लोग ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। ये सभी जूता कारोबारी के परिवार और फैक्टरी से जुड़े लोग हैं। तीन पहले स्वस्थ होकर दिल्ली से लौट चुके हैं। चार लोग शुक्रवार को लौट आए। अब आगरा शहर में सिर्फ रेलवे अधिकारी की बेटी कोरोना वायरस (Covid-19) से संक्रमित है। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

इटली से लौटे दिल्ली में एक जूता कारोबारी को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर शक की सुई आगरा के दो जूता कारोबारी भाइयों पर आकर टिकी थी। यह दोनों भाई भी अपने परिवार के साथ इटली घूमने ही नहीं गए थे बल्कि शहर के एक नामचीन होटल की पार्टी में भी शरीक हुए थे। कोरोना वायरस संभावित मानते हुए एक मार्च को परिवार के छह सदस्यों के नमूने लेकर केजीएमयू लखनऊ भेजे गए। अगले ही दिन जब इन नमूनों को पॉजिटिव पाया गया तो देश-प्रदेश में हड़कंप मच गया था। पुनर्परीक्षण के लिए एनआईवी पुणे भेजे गए छह नमूनों में से पांच को संक्रमित पाया गया।
प्रशासन ने जिला अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड से उन्हें दो मार्च को दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल भेज दिया। छह मार्च को जूता कारोबारी की फैक्ट्री के मैनेजर को भी संक्रमित पाया गया। सात मार्च को मैनेजर की पत्नी भी पॉजिटिव निकली। इन दोनों को भी दिल्ली में भर्ती करा दिया गया था। परिवार के तीन सदस्य 13 मार्च को घर लौट आए थे। गुरुवार को अन्य चारों संक्रमित मरीज घर लौट आए।
आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस के आठ संक्रमित मामलों में से सात की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि वे सभी फिलहाल घर पर ही क्वारंटाइन रहेंगे। उधर, विदेश से लौटी संक्रमित युवती का उपचार चल रहा है। इसकी हालत में सुधार हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications