आगरा: क्वारंटाइन सेंटर में संदिग्ध मरीजों के साथ अछूतों जैसा व्यवहार, वीडियो वायरल
आगरा। आगरा में क्वारंटाइन सेंटर में फैली अव्यवस्था का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो आगरा-दिल्ली हाईवे पर स्थित एक क्वारंटाइन सेंटर का है, जहां आइसोलेट किए लोगों के साथ अछूतों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। बंद गेट के शटर से लोगों को खाना दिया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने सीडीओ को जांच करने के आदेश दिए हैं।

क्वारंटाइन सेंटर का वीडियो हुआ था वायरल
शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट में बने क्वारंटाइन सेंटर के लोगों ने खुद इस वीडियो को बनाकर वायरल किया है। एसजीआई के मरीजों को पीपीई किट पहनकर सरकारी कर्मचारी पानी की बोतल और चाय और बिस्किट दे रहे थे, लेकिन यह सब दूर से दिया जा रहा था। दरवाजा बंद था और लोग सामान लेने के लिए एक-दूसरे पर टूट पड़ रहे थे। रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। कोरोना संक्रमित एक संदिग्ध व्यक्ति ने बताया कि बेडशीट को दो दिन से चेंज नहीं की गई है। टॉयलेट गंदे पड़े हुए हैं और खाना भी ठीक नहीं है। परिसर में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है और हर दिन सैनिटाइजेशन भी नहीं हो रहा है।
क्या बोले जिलाधिकारी?
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह और एसएसपी बबलू कुमार एसजीआई और हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट पहुंचे, जहां अफसरों की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही लोगों को एक मीटर की शारीरिक दूरी के पालन के आदेश दिए गए। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि एसजीआई से मिली शिकायतों के बारे में उन्होंने निरीक्षण किया। अब व्यवस्थाएं ठीक करा दी गई हैं। शिकायत के आधार पर मुख्य विकास अधिकारी को अलग से जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा गया है। साथ ही किसकी कमी थी इस बारे में एक रिपोर्ट मांगी गई है।












Click it and Unblock the Notifications