Agra News: गंदी बग्घी ने बिगाड़ी बारात की रौनक, बैंड संचालक 18 महीने बाद लौटाएगा रुपए, जानें पूरा मामला
Agra के रहने वाले एक युवक की शादी के दौरान बैंड संचालक गंदी बग्घी लेकर आ गया, जिससे बारात की रौनक बिगड़ गई। अब 18 माह बाद सवा लाख रुपए बैंड संचालक द्वारा लौटाए जाएंगे।

Agra News: शादी के दिन बैंड पार्टी की लापरवाही के चलते बारात की रौनक बिगड़ गई। ऐसे में दूल्हा और दूल्हे के परिजन नाराज हो गए। शादी के दिन रिश्तेदारों के समझाने के बाद नाराज दूल्हा किसी तरह बग्घी पर बैठा और बारात लेकर ससुराल पहुंचा।
शादी संपन्न हो गई लेकिन बग्घी की बुकिंग करने वाले बैंड संचालक से बात की गई तो वह अपनी ही जिद पर अड़ा रहा। दूल्हे के परिजनों का कहना था कि फोटो में जो बग्घी दिखाई गई थी और जिस तरीके से सजावट की जानी थी वैसा कुछ भी नहीं किया गया।
उसे पैसा चुकाने के बाद दूल्हे के पिता उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग पहुंच गए और उन्होंने बैंड संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सुनवाई करते हुए आयोग ने बैंड संचालक को दूल्हे के पिता को सवा लाख रुपए देने के आदेश दिए हैं।
दरअसल, आगरा जनपद के आवास विकास कॉलोनी में न्याय विभाग से सेवानिवृत्त गौरी शंकर का परिवार रहता है। साल 2021 में 14 नवंबर को गौरी शंकर के बेटे अनुपम की दिल्ली में शादी होनी थी। अनुपम सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। बेटे की शादी में पिता धूमधाम से बारात निकालना चाहते थे।
इसके लिए दिल्ली के ही चावला बैंड से बातचीत की गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पांच सितंबर 2021 को उन्होंने चावला बैंड से 1.24 लाख रुपए में बग्घी और अन्य सामानों की बुकिंग की। पेशगी के तौर पर दूल्हे के पिता द्वारा 50 हजार रुपए भी दिए गए।
बारात के दिन जब बग्घी पहुंची तो उसे देखकर दूल्हे और उनके परिवार का माथा ठनक गया। बैंड के कर्मचारी भी गंदे ड्रेस पहने हुए थे और बुकिंग के दौरान जैसी फोटो दिखाई गई थी वैसा कुछ नहीं था। ऐसे में अनुपम को गुस्सा आ गया हालांकि रिश्तेदारों के समझाने के बाद किसी तरह शादी संपन्न हुई।
बैंड पार्टी संचालक के रवैए से नाराज दूल्हे के पिता द्वारा दिल्ली पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा बताया गया कि यह मामला उपभोक्ता आयोग का है। ऐसे में दूल्हे के पिता आयोग में परिवाद दायर किए। इसी मामले में आयोग द्वारा बैंड संचालक को सवा लाख रुपए दूल्हे के पिता को 30 दिन के अंदर लौटाने के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications