आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराई कार में दरोगा की मौत, अपराधी को पकड़ने गए थे
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक दरोगा की मौत हो गई। बता दें कि हादसा फिरोजाबाद जनपद के मटसेना थाना क्षेत्र में दतावली गांव के पास हुआ। हादसे की सूचना पर पुलिस गाडियां मौके पर पहुंची और दरोगा को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, दरोगा विजय सिंह (48) आगरा की कोतवाली पाय चौकी पर तैनात है। बुधवार देर रात दरोगा विजय सिंह किशोरी के अपहरण की तलाश में कार से फिरोजाबाद जा रहे थे। तभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मटसैना के पास उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस का कहना है कि कार के सामने कोई जानवर आ जाने से यह हादसा हुआ है। बता दें कि वह अपनी कार खुद ही ड्राइव कर रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और दरोगा विजय सिंह को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक दरोगा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, दरोगा विजय सिंह कन्नौज के नंदपुर गांव के रहने वाले थे। आगरा में काफी समय से तैनात थे। दो महीने पहले ही पाय चौकी प्रभारी के पद पर तैनाती हुई थी। इससे पहले लोहामंडी की आलमगंज चौकी के प्रभारी थे।
क्षेत्राधिकारी कोतवाली चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि किशोरी के अपरण के मामले में फिरोजाबाद का एक आरोपी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विजय सिंह रवानगी कराकर स्विफ्ट कार से गए थे। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। उनका शव फिरोजाबाद जिला अस्पताल ले जाया गया। विजय सिंह 1989 बैच के सिपाही थे। प्रोन्नत होकर अक्टूबर 2015 में दरोगा बने थे। बेटी की शादी दो महीने पहले ही की है। बेटा पढ़ाई कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications