आगरा में कोरोना वायरस से एक और मौत, मरीजों की संख्या 167 हुई
आगरा। कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते संक्रमण से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हालात लगातार खराब होते जा रहे है। गुरुवार को 19 और नए मरीजों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, दूसरी ओर कोरोना पॉजिटिव 65 वर्षीय शख्स ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शख्स की चार दिन से डायलिसिस चल रही थीं। आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने 65 वर्षीय शख्स के मरने की पुष्टि की है। आगरा में कोरोना वायरस से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी हैं।

जानकारी के मुताबिक, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के आइसोलेशन वार्ड प्रभारी डॉ सुधीर सिंह ने बताया कि आज लैब रिपोर्ट में 929 नमूनों की जांच की गई। इनमें से 21 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक मरीज लखनऊ का एक उन्नाव और 19 आगरा के हैं। इसी के साथ आगरा शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 167 हो गई है। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया गया है। 19 नए मरीजों की रिपोर्ट आने के बाद से प्रशासन की परेशानी और बढ़ गई है।
बता दें, एसएन मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में मंगलवार को मनीष की मौत हो गई थी। सांस लेने में तकलीफ होने पर मनीष राठौड़ को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम निवासी मनीष की जांच की गई थी तो पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जब परिजनों को इस बात की जानकारी दी गई तो उनके होश उड़ गए। मनीष राठौड़ को आईसीयू में रखा गया था जहां उन्होंने मंगलवार रात को दम तोड़ दिया।
तीन महिलाओं की मौत
मनीष के अलावा जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। आठ अप्रैल को 76 साल की कोरोना संक्रमित महिला मरीज की एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। इसके बाद आगरा के भगवान टॉकीज के पास स्थित हॉस्पिटल में शनिवार को कैंसर से पीड़ित शिकोहाबाद निवासी महिला की मौत हुई। फिर रविवार को फर्रुखाबाद निवासी महिला ब्रेन हेमरेज के बाद भर्ती हुई और उनकी भी मौत हो गई। तीनों की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications