जयपुर में 'बिना बुलाये मेहमान' बनेंगे नरेंद्र मोदी
जयपुर। भाजपा की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे। जिसमें वह राज्य को कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं और आम जनता को संदेश देंगे। खास बात यह है कि लोगों को रैली में आमंत्रित करने के लिए जो निमंत्रण पत्र लिखा गया है उसमें नरेंद्र मोदी का नाम ही नहीं है। जिसके बारे में कार्यकर्ताओं का कहना है कि पहले यहां मोदी का आना तय नहीं था, जिससे उनका नाम इसमें शामिल नहीं किया गया। आज राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की 'सूरज संकल्प यात्रा' का अंतिम दिन भी है, जिसने पिछले अप्रैल से लेकर अब तक 14,500 किमी की दूरी तय की है।
रैली का आयोजन 'अमरूदों का बाग' स्थल पर हो रहा है जिसमें लगभग 4 से 5 लाख लोगों के इकट्ठा होने का अनुमान है। इसके अलावा रैली से पहले विवाद तब खड़ा हो गया जब लोगों को आमंत्रित करने के लिए लिखे गये कार्ड से मोदी का नाम गायब था, सूत्रों का कहना है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि वसुंधरा को डर था कि कहीं मोदी, उनकी रैली का भी श्रेय न लूट लें। हालांकि इसका जवाब कार्यकर्ता यह कहकर दे रहे हैं कि पहले रैली में मोदी का आना तय नहीं था लेकिन फिर उनका अचानक प्लान बन गया।

इस दौरान लगाये गये पोस्टरों और होर्डिग्ंस में मोदी अन्य नेताओं के साथ ही दिखाई दे रहे हैं। जबकि कार्यकर्ताओं में मोदी के आने को लेकर ही उत्साह है। अभी पिछले ही दिनों मोदी ने छत्तीसगढ़ में एक रैली को संबोधित किया था, जिसमें आम जनता ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications