राज्यसभा में यूपी को विशेष दर्जा देने की मांग को लेकर नारेबाजी, कार्यवाही स्थगित
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों की नारेबाजी के कारण सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही जब 11 बजे शुरू हुई, भाजपा सांसद दिलीप सिंह जूदेव के निधन और पनडुब्बी दुर्घटना के शिकार नौसैनिकों के प्रति शोक व्यक्त किया गया। इसके बाद सभापति हामिद अंसारी ने प्रश्नकाल शुरू करने के लिए कहा।
इसपर सपा सदस्य नारेबाजी करने लगे और उन्होंने उत्तर प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग की। संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि सपा की मांग है कि उत्तर प्रदेश को बिहार की तरह ही विशेष राज्य का दर्जा दिया जाए। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया गया है। विशेष दर्जा के लिए मानक तय करने के लिए एक समिति बनाई गई है। शुक्ला ने कहा कि समिति की रिपोर्ट की प्रतीक्षा है और उसके बाद फैसला किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोयला घोटाले से जुड़ी फाइलों के गायब होने पर चर्चा के लिए प्रश्नकाल को स्थगित करना चाहती थी। कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने शनिवार को स्वीकार किया था कि कोयला ब्लाक आवंटन घोटाले से जुड़ी कुछ फाइलें गायब हो गई हैं। अंसारी शून्यकाल के दौरान इस मामले को उठाने पर सहमत थे, लेकिन सपा सदस्य लगातार अपना विरोध दर्ज कराते रहे। इसके कारण सदन की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications