न्यूयॉर्क की 'इंडिया डे परेड' में हिस्सा लेंगे अन्ना हजारे
न्यूयार्क| अमेरिका के मुख्य शहर न्यूयॉर्क में हर साल आयोजित होने वाली परेड में इस बार भ्रष्टाचार के विरूद्ध शंखनाद करने वाले समाज सेवी अन्ना हजारे भी उपस्थित रहेंगे। अन्ना के अलावा सिने अभिनेत्री विद्या बालन भी 'इंडिया डे परेड' में हिस्सा लेंगी। अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीय परेड और रंगीन झाकियां निकालकर और मनोरंजन कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक के साथ ही भारतीय व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया जा रहा है। न्यूयार्क के मैनहट्टन में हर साल आयोजित की जाने वाली भव्य परेड के अलावा कुछ सालों से न्यूयार्क के उपनगर लांग आइसलैंड और न्यूजर्सी में भी वार्षिक परेड आयोजित की जाने लगी हैं। मैनहट्टन में इस साल परेड का 33वां साल होगा और यह रविवार को निकाली जाएगी।
बीते रविवार को नासाउ क्षेत्र के हिक्सविल में करीब 15,000 लोगों ने इंडिया डे परेड में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नासाउ क्षेत्र के कार्यकारी अधिकारी एड मेंगानो, भारतीय अभिनेत्री आरती छाबड़िया और मिस अमेरिका 2005 चेलसिया कूली ने मुख्य अतिथी के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में एयर इंडिया, किराना दुकान श्रृंखला पटेल ब्रदर्स सहित बैंक व जीवन बीमा कंपनियों के बूथों की 17 झांकियां निकाली गईं। समारोह में शामिल छाबड़िया ने कहा, "एक देशभक्त भारतीय होने के नाते मैं इंडिया डे परेड की ग्रैंड मार्शल के रूप में गर्व महसूस कर रही हूं।" मुख्य अतिथी कूली भी समारोह में भारतीय परिधान में नजर आईं। उन्होंने मनोरंजन कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।
मैनहट्टन में फेडरेशन ऑफ इंडिया एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जाने वाली वार्षिक इंडिया डे परेड का आयोजन अगले रविवार को किया जाना है। न्यूयॉर्क के साथ ही अमेरिका के कई शहरों में आयोजित होने वाली परेड का अप्रवासियों में खासा क्रेज हैं। इसमें हिस्सा लेने के लिए भारत की प्रमुख हस्तियां जाती हैं।













Click it and Unblock the Notifications