'यूपी की बदहाली के लिए माया, मुलायम, कल्याण जिम्मेदार'
वृंदावन। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष अजित सिंह ने उत्तर प्रदेश की बदहाली के लिए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों- मुलायम सिंह, मायावती और कल्याण सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। रालोद की उत्तर प्रदेश इकाई के दो दिवसीय सत्र को संबोधित करते हुए सिंह ने बुधवार शाम को मायावती और मुलायम सिंह द्वारा आयोजित जातीय सम्मेलनों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति लंबे समय से जाति, अपराध तथा नोटों से प्रेरित होती रही है।
अजित सिंह ने कहा कि राज्य में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सुरक्षा भी चिंता का एक बड़ा कारण है। निवेशक यहां कैसे आएंगे? बेरोजगारी दर बहुत अधिक है। ग्रामीण इलाकों में पुनर्वितरण के लिए मुश्किल से जमीन बची है।

उत्तर प्रदेश से अलग हरित प्रदेश के निर्माण पर अजित सिंह ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को तेलंगाना की जनता के समान ही दीर्घकालिक संघर्ष तथा बलिदानों के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अगला चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी। गौरतलब है कि पिछले महीने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने राज्य में जाति आधारित राजनीतिक रैलियों पर रोक लगा दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications