मोदी मेरे साले हैं और मैं उनका जीजा तो उनके बारे में नहीं बोलूंगा: अमर सिंह
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। अजीबो-गरीब तर्क पेश कर विवाद खड़ा करने वाले समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने एक बार फिर अजीबो-गरीब बयान दिया है। इस बार अमर सिंह ने गुजरात के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी किया है। अमर सिंह से जब नरेन्द्र मोदी के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब देने से मना कर दिया। अमर सिंह ने कहा कि 'वह मेरे साले हैं। मेरी पत्नी गुजरात की हैं, इसलिए मैं उनका जीजा हूं और साले के बारे में जीजा कोई टिप्पणी नहीं करेगा। इतना जरूर कहूंगा कि वह हिन्दू राष्ट्रवादी की जगह राष्ट्रवादी होने का बयान दें।'
अमर सिंह ने इस दौरान यूपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। किसी जमाने में समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव के खास विश्वासपात्रों में रहे अमर सिंह ने दावा किया कि उन्हें एसएमएस के जरिए धमकी दी गई थी कि अगर वे मारे गए नेता सर्वेश सिंह के परिवार से मिलने गए, तो उनका भी वही हश्र होगा।

हाल ही में अज्ञात लोगों की गोली का शिकार हुए पूर्व विधायक सर्वेश कुमार सिंह उर्फ सीपू सिंह के परिजनों से मिलने उनके गांव अमवारी नारायणपुर पहुंचे अमर सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें एसएमएस के जरिये धमकी दी गई थी कि सीपू के घर गए तो उनका भी वही हाल होगा, मगर किसी में इतनी हिम्मत नहीं कि उन्हें डरा सके। यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए अमर सिंह ने कहा कि आम आदमी की बात तो दूर यहां तो जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं रह गये हैं। राज्यसभा सांसद जयाप्रदा के साथ आए अमर सिंह ने कहा, 'प्रदेश में कानून-व्यवस्था इतनी बिगड़ गई है कि जनप्रतिनिधि तक सुरक्षित नहीं रह गए हैं।'












Click it and Unblock the Notifications