अखिलेश सिर्फ अपने लोगों को बांट रहे हैं लैपटॉप और नौकरी: मायावती
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) की बहुप्रतीक्षित लैपटॉप वितरण योजना पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि सपा अपने लोगों को ही लैपटॉप बांट रही है। योजनाओं का लाभ एक जाति विशेष के लोगों तक ही पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद में आरक्षण को लेकर संघर्ष कर रहे छात्रों की मांगों पर सरकार विचार करे और छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे तुरंत वापस ले। छात्रों के साथ किया जा रहा भेदभाव अनुचित है।
सपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में साजिश के तहत नौकरियों में एक वर्ग विशेष के लोगों को ही फायदा पहुंचाया जा रहा है। मायावती ने सूबे की सरकार पर आक्षेप करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने राज्यपाल से सूबे में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की। मायावती ने कहा कि सूबे में चलाई जा रही योजनाओं का ज्यादातर लाभ सपा से जुड़े लोग ही उठा रहे हैं।

बेरोजगारी भत्ता हो या फिर लैपटॉप वितरण योजना, सभी में सिर्फ सपा कार्यकर्ताओं का ख्याल रखा जा रहा है। योजनाओं में आम आदमी के साथ भेदभाव हो रहा है। मायावती ने कहा कि सूबे में 'जंगलराज' कायम हो गया है। इस सरकार में वर्ग विशेष के लोगों का खास ख्याल रखा जा रहा है। लैपटॉप खरीदने से ज्यादा पैसा लैपटॉप वितरण के लिए आयोजित किए जा रहे समारोहों पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में एक जाति विशेष के लोगों का दबदबा बढ़ रहा है, जिसके चलते अन्य वर्गो के हितों में कटौती की जा रही है। प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नही हैं। महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है और गरीबों का मजाक उड़ाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications