कांग्रेसियों का दावा: मुंबई में 12 और दिल्ली में 5 रुपये में मिलता है भरपेट खाना
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राशिद मसूद ने गुरुवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में पांच रुपये में 'कोई भी पेट भरकर खाना' खा सकता है। इससे एक दिन पहले कांग्रेस के प्रवक्ता राज बब्बर ने कहा था कि मुंबई में कोई भी 12 रुपये में भरपेट खा सकता है। कांग्रेस के राज्य सभा सदस्य मसूद ने संवाददाताओं से कहा कि आप दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में पांच रुपये में अच्छी तरह खा सकते हैं। इस टिप्पणी ने आलोचनाओं की बाढ़ ला दी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि यह सरकार गरीबी को बनाए रखने के प्रयास कर रही है। जावड़ेकर ने कहा कि वे 34 रुपये पर गरीबी रेखा को पा कर खुश हो रहे हैं। मानदंड को नीचे खिसका कर वे लोगों को बीपीएल (गरीबी रेखा के नीचे) श्रेणी से बाहर निकालने और उन्हें कल्याण योजनाओं के लाभ से वंचित करना चाह रहे हैं। यह गरीब विरोधी बयान है। वरिष्ठ भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा, "यह दूसरे मुद्दों से ध्यान बंटाने की चाल है। वे गरीबों की संख्या कम करने का प्रयास कर रहे हैं।

राज बब्बर ने बुधवार को कहा था कि कोई भी मुंबई में 12 रुपये में खाना खा सकता है। बब्बर ने कहा था कि आज भी मुंबई में मैं 12 रुपये में पूरा खाना खा सकता हूं। नहीं नहीं, वडा पाव नहीं। भरपूर चावल, दाल-सांबर और उसके साथ कुछ सब्जी भी होती है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता अतुल अंजान ने बब्बर पर तंज कसते हुए कहा कि वे लिखे हुए संवाद बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज बब्बर को लिखे हुए संवाद बोलने की आदत है। यह संवाद सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह का लिखा हुआ है। योजना आयोग ने मंगलवार को कहा कि प्रति व्यक्ति खपत में वृद्धि के लिहाज से देश में गरीबी का अनुपात 2004-05 के 37.2 प्रतिशत से गिर कर 2011-12 में 29.9 प्रतिशत पर आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications