कांग्रेसियों का इंटरव्यू लेने बहन प्रियंका संग अमेठी पहुंचे राहुल गांधी
अमेठी। मिशन 2014 जीतने के लिये कांग्रेस हर संभव कोशिश कर रही है। इसी क्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी मंगलवार यानी कि आज तीन दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के अमेठी पहुंचेंगे। इस दौरे में भाई-बहन न सिर्फ अध्यक्ष पद के लिये नेताओं का इंटरव्यू लेंगे बल्कि पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के टिप्स भी देंगे। इस दौरे के अंतिम दिन राहुल व प्रियंका गांधी त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ सेंटर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 9:30 बजे फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान अकादमी में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद करीब साढ़े दस बजे मुंशीगंज के संजय गांधी अतिथि गृह पहुंचेंगे। गेस्ट हाउस में आराम करने के बाद अमेठी में पार्टी संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटेंगे।

इस दौरान राहुल व प्रियंका गांधी विभिन्न ब्लॉकों व नगरों में अध्यक्ष पद के लिये पंजीयन कराने के बाद कमेटी की ओर से फाइनल किये गये कांग्रेसियों का इंटरव्यू लेंगे। सूत्रों ने बताया कि भाई-बहन का कार्यक्रम जिले व ब्लॉक स्तर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। राहुल गांधी व प्रियंका 25 जुलाई को भादर के त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और उसी दिन दिल्ली वापस लौट आयेंगे।
बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ के कार्यक्रम में राहुल और प्रियंका के साथ केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे भी शिरकत कर सकते हैं। हालांकि प्रशासन ने गृहमंत्री के दौरे से अनभिज्ञता जताई है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के मिशन 2014 के तहत उत्तर प्रदेश को लेकर उपाध्यक्ष राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा काफी सक्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications