चीन का फिर दुस्साहस, भारतीय सीमा में घुसपैठ के बाद तोड़फोड़
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। तमाम वादे और कागजी सहमती के बाद भी पड़ोसी देश चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। चीनी सेना एक बार फिर भारतीय सीमा में घुस आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लेह-लद्दाख के चुमुर इलाके में घुसकर चीनी सेना ने भारतीय सेना की तरफ से लगाये गये सिक्यूरिटी कैमरों को भी तोड़ दिया है। इतना ही चीनी सैनिकों ने भारतीय सेना द्वारा बनाये गये कुछ अस्थायी ढ़ांचों को भी गिरा दिया है और वहां मौजूद लोगों को इलाका खाली करने की धमकी दी है।
मालूम हो कि तीन माह पूर्व ही चीनी सेना ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की थी और दौलत बेग ओल्डी सेक्टर में अपना कैंप बना लिया था। इस कैंप के बाहर चीनी सेना ने एक बोर्ड भी लगाया था जिसपर लिखा था कि यह चीन का इलाका है और आप चीन में हैं।

अंग्रेजी अखबार डीएन में प्रकाशित खबर की मानें तो ताजा घुसपैठ की घटना बीते 17 जून की है। उस दिन सैनिकों ने घुसपैठ के बाद कैमरों को तोड़ दिया और आसपास के अस्थायी कैंपों को भी गिरा दिया।
खास बात ये है कि चीनी सैनिकों ने वहां रहने वाले लोगों को हिंदी में धमकी दी कि वो जगह फौरन खाली कर दें। अखबार की मानें तो वो सैनिक अच्छी हिंदी जानते थे। मालूम हो कि इस घुसपैठ की सूचना खुफिया एजेंसियों ने सरकार को दी थी।
इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस ने भी इसकी पुष्टि की है। सरकार इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है। उत्तराखंड में आई आपदा के समय सरकार किसी अंतरराष्ट्रीय विवाद को जन्म नहीं देना चाहती थी। ताजा घटना के बाद 3 जुलाई को दोनों देशों की सेना के बीच हुई फ्लैग मीटिंग में भारतीय सेना के अधिकारियों द्वारा भी यह मुद्दा उठाया गया। सबूत के तौर पर टूटे हुए कैमरे भी दिखाए गए।












Click it and Unblock the Notifications