मनीष तिवारी के ट्वीट पर भड़की सुषमा स्वराज, कहा उत्तराखंड सरकार बर्खास्त हो
देहरादून। लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा है कि उत्तराखंड की सरकार राज्य में आयी आपदा से निपटने में नाकाम रही है। अत: सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। सुषमा ने यह वक्तव्य सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी के उस ट्वीट के जवाब में कहा जिसमें मनीष ने अरूण जेटली और सुषमा स्वराज पर आरोप लगाते हुए कहा है कि इन दोनों भाजपा नेताओं ने न तो आपदा पीडि़तों के लिए संवेदनाएं जाहिर की और न ही आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। जिसका जवाब देते हुए सुषमा ने यह भी कहा कि पहले ही गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कह दिया था कि नेताओं के वहां जाने से राहत कार्य में बाधा पहुंचेगी अत: वहां कोई नेता न जाये।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि अब तक उत्तराखंड से लगभग एक लाख लोगों को निकाला जा चुका है, अभी भी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में लगभग 900 लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिशें की जा रही हैं। अत: इस मसले पर राजनीति बंद होनी चाहिए।

वहीं उत्तराखंड सरकार ने कल राहत कार्यों को लेकर किये जा रहे आपरेशन पर बैठक की है। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा है कि अभी भी तीन हजार लोग लापता है, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। इस पर केंद्रीय गृहमंत्री अनिल गोस्वामी ने कहा है कि हमारे सामने यह चुनौती है कि यहां की जिंदगी को फिर से कैसे रास्ते पर लाया जाये। उत्तराखंड में एक हजार तीन सौ पैंतीस गांव अभी भी पूरी तरह संपर्क से कटे हुए हैं। यहां हेलीकॉप्टरों द्वारा राहत सामग्री पहुंचायी जा रही है। बताया जा रहा है कि आपदा प्रभावित 496 गांवों में बिजली नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications