आज महाराष्ट्र में चुनावी एजेंडा तय करेंगे मोदी
मुंबई। हाल ही में आने वाले लोकसभा चुनाव 2014 के लिए प्रचार कमेटी के मुखिया घोषित किये गये नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग का मकसद लोकसभा के चुनावों के लिए एजेंडा तय करना है। वहीं वह शिवसेना के साथ एनडीए के संबंधों की भी समीक्षा करेंगे। अभी हाल ही में आपदा प्रभावित उत्तराखंड से गुजरातियों को निकालने के कारण शिवसेना ने उनकी निंदा भी की थी।
जदयू के एनडीए से अलग होने के बाद अब भाजपा के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वहीं मोदी नये गठजोड़ की तलाश आज से प्रारम्भ कर रहे हैं, लोकसभा चुनाव के पहले चार राज्यों के चुनाव भी होने हैं, जिसको ध्यान में रखकर पार्टी की तैयारियां की जा रही हैं।

इसके अलावा मोदी अल्पसंख्यकों को साथ लाने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा भी लेंगे। चुनाव के मद्देनजर पार्टी अल्पसंख्यकों को साथ लाने के लिए 'विजन डाक्यूमेंट' तैयार कर रही है, जिसके जल्द ही नजर आने की संभावना हैं। मोदी को नेतृत्व सौंपने से भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता नाराज हैं लेकिन कार्यकर्ताओं में मोदी के प्रति लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी ने इसकी परवाह नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications