मोदी बनाम आडवाणी जंग बीच उप्र की थाह लेंगे शाह

पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के पार्टी से सभी पदों से इस्तीफे और मान-मनौव्वल के बीच माना जा रहा है कि भाजपा में चल रही उठापटक की छाया यहां 12 जून को होने वाली बैठक में जरूर दिखेगी।
गोवा में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नरेंद्र मोदी को केंद्रीय चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष घोषित किया गया था लेकिन उसके ठीक एक दिन बाद लालकृष्ण आडवाणी ने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा देकर भाजपा की अंदरूनी उठापटक को एक नया मोड़ दे दिया।
मोदी की ताजपोशी की खुशी में जहां रविवार को लखनऊ प्रदेश कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं, वहीं सोमवार को आडवाणी के इस्तीफे के बाद पूरे कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। कार्यकर्ताओं और नेताओं के चहरे साफ बता रहे थे कि भाजपा में कितना बड़ा तूफान आया है। बहरहाल, आडवाणी मुद्दे पर न तो प्रदेश के नेता बोलने को तैयार हैं और न ही प्रवक्ताओं की टीम कुछ बोल रही है।
मोदी के सिपहसालार और उप्र के पार्टी मामलों के प्रभारी अमित शाह के बारे में प्रवक्ताओं ने इतना जरूर बताया कि उनका कार्यक्रम टला नहीं है वह 12 को ही लखनऊ आएंगे और पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बीच भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी का शामली दौरा भी पूर्व निर्धारित है। वह 12 को शामली में एक किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
भाजपा के एक नेता ने बताया, "बैठक होना तो तय है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि सारी चीजें सही तरीके से चलेंगी, क्योंकि आडवाणी के इस्तीफे के बाद परिस्थतियों में बदलाव आया है।"
भाजपा नेता की मानें तो आडवाणी के इस्तीफे के बाद राजनाथ विरोधी खेमा अपने आप को 12 जून को होने वाली बैठक से अलग रख सकता है। दिल्ली में होने का हवाला देकर कई नेता बैठक से दूरी बना सकते हैं।
पार्टी रणनीतिकारों की मानें तो बैठक के दौरान लोकसभा में सबसे अधिक सांसदों को भेजने वाले उत्तर प्रदेश में पार्टी के 'परफार्मेस ग्राफ ' को ऊपर चढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। भाजपा सूत्रों की मानें तो उप्र के नताओं को लेकर शाह ने फीडबैक पहले से ही मंगा लिया है और उसी के अनुरूप वह अपनी रणनीति को अंजाम देंगे।
पार्टी के प्रवक्ता के मुताबिक शाह का लखनऊ का कार्यक्रम पहले से तय है। लिहाजा, वह अपने समय पर बैठक में हिस्सा लेने आ रहे हैं। मोदी-प्रिय शाह के स्वागत की तैयारियां हवाईअड्डे से लेकर पार्टी कार्यालय तक शुरू हो गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications