यूपी: शादी में महज 30 रुपये के लिये एक मासूम की गला दबाकर हत्या

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली अन्तर्गत गढि़या कछपुरा गांव में एक बारात आई थी। इस दौरान बाराती डांस कर रहे थे और पैसे उछाल रहे थे। इन लुटाये जा रहे पैसों को गांव के ही कुछ बच्चे उठा भी रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला 11 वर्षीय मोहित कुमार कुश्वाहा ने 30 रुपये उठा लिये। इसका विरोध गांव के ही युवक कमलेश कुश्वाहा ने करते हुए उससे पैसे छीनने की कोशिश की।
मोहित ने पैसे को अपनी अंडरवियर में छिपा लिया था। कमलेश ने पैसे छीनने के दौरान उसकी जमकर पीटाई की और फिर बेल्ट से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मोहित की जब मौत हो गई तब कमलेश उसके शव को खेत में ले गया और वहां छोड़कर फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह खेत मालिक राजेश कुमार की पत्नी चारा काटने गई तो वहां मोहित का शव देखा। इस पर उसने घटना की जानकारी गांव वालों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मोहित के पिता शेर सिंह कुशवाहा और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी ओपी सिंह ने इस घटना के संबंध में कई लोगों से पूछताछ की। बारात में रुपये उठाने गए गांव के ही अन्य बच्चों से बात करने पर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications