नक्सली हमले पर राहुल गांधी ने कहा नो पॉलिटिक्स प्लीज़
रायपुर। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में शनिवार को कांग्रेस के काफिले पर हुआ नक्सली हमला लोकतंत्र पर हमला है। राहुल ने यहां संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हमला, लोकतंत्र एवं देश के विचार पर हमला है।" छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में राहुल ने कहा, "यह राजनीति का वक्त नहीं है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम सभी को एकजुट होना होगा।"
नक्सलियों के एक बड़े दल ने शनिवार शाम करीब पांच बजे दक्षिणी बस्तर क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हमला कर दिया था, जिसमें कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं सहित 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए।

उधर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पीड़ितों से रविवार को मुलाकात की। इस हमले में कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष ने रायपुर के अस्पताल में जाकर घायलों से मुलाकात की। वे घायलों के परिजनों से भी मिले।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मनमोहन सिंह ने अस्पताल में एक पीड़ित के साथ बातचीत में कहा, "यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है। इससे जमीनी स्तर की राजनीति को नुकसान होगा।" दोनों नेता राज्य की राजधानी रायपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी हमले की खबर आने के बाद शनिवार देर रात ही रायपुर पहुंच गए और वह वहां बने हुए हैं। इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications