एलयू में फिल्म शूटिंग, छात्र-शिक्षक के बीच रियल फाइट
लखनऊ (ब्यूरो)। लखनऊ यूनिवर्सिटी में हॉलीवुड फिल्म "मिलियन डॉलर आर्म" की शूटिंग के दौरान प्रॉक्टर और एक निष्कासित छात्र के बीच रियल फाइट शुरू हो गई। विवाद यूनिवर्सिटी में शुरू हुई हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग का छात्रों द्वारा विरोध करने से शुरू हुआ। छात्र द्वारा अचानक हाथ उठाने के कारण प्रॉक्टर प्रो पवन अग्रवाल कुछ समझ नहीं सके। बाद में प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने छात्र को भी जमकर पीटा। प्रॉक्टोरियल बोर्ड की तरफ से आरोपी छात्र समेत एक अन्य छात्र के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लखनऊ यूनिवर्सिटी में बुधवार को हॉलीवुड फिल्म मिलियन डॉलर आर्म की शूटिंग शुरू हुई। शूटिंग दो दिन तक चलनी हैं। इन दिनों लखनऊ यूनिवर्सिटी में परीक्षाएं चल रही हैं। शूटिंग आट्र्स फैकल्टी के मैदान में चल रही है और वहीं एमफिल के छात्र परीक्षा दे रहे थे। शिक्षाशास्त्र और स्टैट्स विभाग में भी परीक्षाएं चल रही थीं। परीक्षाओं के दौरान हमेशा से छोटे आयोजनों पर भी रोक लग जाती है, इसके बाद भी हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग के इजाजत दे दी गई।

इससे परिसर में 100 से अधिक गाडिय़ों का लाव-लस्कर दो दिनों के लिए रुका हुआ है। शूटिंग का विरोध और छात्रों को परीक्षा के बहिष्कार को मनाने के लिए निष्कासित छात्र वसीम अहमद पिंटू पहुंच गया। वसीम ने परीक्षार्थियों को परीक्षा छोडऩे के लिए उकसाया और फिर प्रॉक्टर के पास शिकायत करने पहुंच गया। प्रॉक्टर प्रो. अग्रवाल परीक्षा कक्ष में पहुंचे और छात्रों से उनकी समस्या पूछी। कक्ष से निकलते समय सीढिय़ों के पास ही वसीम ने प्रो.अग्रवाल को थप्पड़ मार दिया।
मारपीट बढऩे पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव किया और आरोपी की पिटाई कर दी। मौका पाकर वसीम वहां से भाग निकला। निष्कासित छात्र के परिसर में आने, गालीगलौज-मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में वसीम, मंगलांबर व एक अन्य के खिलाफ हसनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।












Click it and Unblock the Notifications