पूरे देश में गर्मी का ताड़ंव जारी, दिल्ली में पारा 46 के पार
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। गर्मी अपना प्रचंड रुप लेती जा रही है और पूरा देश आग की तरह जल रहा है। लू के थपेड़ों का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बात अगर राजधानी दिल्ली की करें तो मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 मई तक राजधानी में पारा 46 से 47 डिग्री के आसपास रहेगा। ऐसी भी आशंका जताई जा रही है कि राजधानी में गर्मी के और भी रेकॉर्ड टूट सकते हैं। वहीं आज (गुरुवार) को गर्म हवाओं के चलने का सिलसिला बरकरार है तथा सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा अधिकतम तापमान 46 डिग्री के आसपास रहने की सम्भावना है।
मध्य प्रदेश में बरस रहा है आग, त्रस्त हैं लोग
मध्य प्रदेश में इन दिनों गर्मी का प्रकोप अपने चरम पर है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनो में भी मौसम का यह रूप बरकरार रहेगा। गुरुवार को राज्य में तेज धूप निकली और गर्म हवाओं का दौर जारी है। हालांकि तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन आसमान साफ है और मौसम काफी गर्म है।
बीते 24 घंटे में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 43.3 और न्यूनतम 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर का अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस व न्यूतनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 44.5 तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे गर्म खजुराहो और नौगांव जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में हो सकती है बारिश
पटना सहित राज्य के कई इलाकों में गुरुवार को बादल छाए हैं। बिहार के वातावरण में आद्र्रता का स्तर बढ़ने से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक-दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। गुरुवार को राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गया का न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस तथा पूर्णिया और भागलपुर का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया और भागलपुर का 35.9 डिग्री सेल्सियस जबकि गया का अधिकतम तामपान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक एके सेन ने बताया कि दो-तीन दिनों से पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर मिजोरम तक एक आद्र्रतायुक्त परत की 'ट्रफ लाइन' बन गई है। इस समय यह बिहार के उत्तरी क्षेत्र से होकर गुजर रही है, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है। एक-दो दिनों में बिहार के कई क्षेत्रों में बारिश होने की भी सम्भावना है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में इस समय बादल छाए हुए हैं।













Click it and Unblock the Notifications