आडवाणी-राजनाथ संग चुनावी रणनीति बनायेंगे नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय दिल्ली में हैं। लाल कृष्ण आडवाणी से मुलाकात के बाद अब वो राजनाथ सिंह से मिले और बहुत जल्द भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक शुरू होने वाली है। यह बैठक अतिमहत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें लोकसभा चुनाव 2014 की चुनावी रणनीति तय की जानी है।
उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनावी रथ का कैप्टन अमित शाह को बनाये जाने के बाद यह पहली बैठक है। बैठक में नरेंद्र मोदी की राय महत्वपूर्ण होंगी, क्योंकि उनके पास गुजरात को फतह करने का अनुभव है। हम आपको बता दें कि मोदी ऐसे पहले सीएम हैं, जिन्हें संसदीय बोर्ड में स्थान दिया गया है। खास बात यह है कि अमित शाह को आगे किये जाने पर जब मीडिया ने भाजपा से सवाल किये, तो राजनाथ ने कहा कि उन्होंने किसी के दबाव में यह निर्णय नहीं लिया। और न ही नरेंद्र मोदी ने किसी को रिकमंड किया।

यह माना जा रहा है कि इस बैठक में कई अहम निर्णय लिये जा सकते हैं, क्योंकि कर्नाटक में हार के बाद अब भाजपा कतई नहीं चाहेगी कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में उसकी सत्ता को कोई आघात पहुंचे। इसके अलावा राम जेठमलानी पर भी कड़ा फैसला होने की संभावना है, क्योंकि वो इस समय पार्टी में बागियों जैसे तेवर अपनाये हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications