घर में बकरा और दफ्तर में पवन बंसल हुए हलाल
नई दिल्ली। मामा-भांजे की काली करतूत आखिरकार दो लोगों के हलाल होने का कारण बन गई। पहला उस बकरे का, जिसको लेकर रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के घर पूजन हुआ, ताकि उनकी सीट बच जाये और दूसरे खुद बंसल, जिनसे यूपीए आलाकमान ने खुद इस्तीफा ले लिया है। जी हां रेल मंत्री पवन बंसल ने आखिरकार औपचारिक तौर पर प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बंसल और उनके साथ कोयला घोटाले की रिपोर्ट सीबीआई से मांगने वाले केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार ने भी रात्रि करीब 9 बजे पीएम को अपना इस्तीफा सौंपा।
शुक्रवार की शाम सोनिया गांधी के घर पर एक आपात बैठक बुलायी गई थी, जिसमें बंसल को हटाने का फैसला हुआ है। बंसल की जगह कौन रेल मंत्री बनेगा, यह अभ तय नहीं हुआ है, लेकिन खबर है कि कर्नाटक में सीएम पद से महरूम रह गये श्रममंत्री मल्लिकार्जुन खार्गे को रेल मंत्रालय दिया जा सकता है।
इस खबर में बकरे की बात इसलिये आयी, क्योंकि आज घर से निकले वक्त बंसल के घर में एक बड़ी पूजा हुई। पूजन के तुरंत बाद उनकी पत्नी ने घर से निकलते वक्त बंसल की आरती उतारी और फिर बंसल के पास एक बकरा लाया गया, जिस पर हाथ फेरते हुए बंसल निकले और गाड़ी में बैठकर दफ्तर के लिये रवाना हो गये। इस पूरे मंजर को टीवी चैनलों के कैमरों ने कैद कर लिया। हालांकि कई चैनलों ने तो यहां तक खबर चला दी कि बंसल ने सीट बचाने के लिये बकरे की बलि चढ़ा दी। खैर बकरा जिंदा है हलाल हो गया, यह अभी कहना मुश्किल है, लेकिन बंसल हलाल हो गये हैं, इसमें कोई शक नहीं।
हम आपको बता दें कि बंसल के ऊपर अपने भांजे के साथ मिलकर मंत्रालय में एक मलाईदार पद पर एक अधिकारी को बैठाने के लिये 90 लाख रुपए घूस लिये जाने के आरोप हैं। इस मामले पर उनके भांजे विजय सिंगला 90 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया था। फोन टैपिंग में पवन कुमार बंसल का भी जिक्र हुआ, जिसमें पता चला कि बंसल के बेटे की भी इसमें अहम भूमिका थी।













Click it and Unblock the Notifications