15 साल की बच्चियों के लिये गर्भनिरोधक गोलियां!
वॉशिंगटन। जरा सोचिये, अब अगर पंद्रह साल की बच्ची भी किसी मेडिकल शॉप में बिना प्रिस्क्रिप्शन के गर्भनिरोधक गोलियां खरीदने जायेगी, तो दुकानदार उससे एक भी सवाल नहीं करेगा, क्योंकि अमेरिकी सरकार ने एक नया नियम लागू किया है, जिसके अंतर्गत 15 साल या उससे ऊपर की आयु की लड़कियां बिना डॉक्टर द्वारा लिखित पर्चे के मेडिकल स्टोर से ये गोलियां खरीद सकेंगी।
इस नियम के पीछे सरकार का तर्क है, कि अब 15 साल की आयु की लड़कियां यह समझती हैं, कि असुरक्षित यौन संबंध स्थापित करने से वो प्रेगनेंट हो सकती हैं या फिर यौन संक्रमण का शिकार हो सकती हैं। यह निर्णय अमेरिका के खाद्य एवं दवा विभाग ने लिया। इससे पहले कोर्ट ने गर्भनिरोधक दवाएं खरीदने को लेकर सभी उम्र के लोगों पर से प्रतिबंध हटाने का सुझाव दिया था। अभी तक यहां बिना पर्चे के कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स खरीदने के लिये न्यूनतम आयु 17 वर्ष थी।

सरकार के इस निर्णय के बाद यह कयास लगाये जा रहे हैं, कि अमेरिकी सरकार जल्द ही कंडोम की बिक्री को लेकर भी कोई नया फरमान जारी कर सकती है। हालांकि कई सामाजिक संगठन इस निर्णय का विरोध कर रहे हैं। सामाजिक संगठनों का कहना है कि इससे स्कूल स्तर के बच्चों में यौन संबंध स्थापित करने की ललक और बढ़ेगी। विरोध तो शुरू हो गया है, लेकिन अभी तक व्हाइट हाउस से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।
अमेरिका में गर्भनिरोधक गोलियों को मॉर्निंग स्टार पिल्स के नाम से जाना जाता है, जो तभी तक प्रभावी होती है, जब तक गर्भ ठहरा नहीं हो। सरकार के मुताबिक अबॉर्शन पिल्स की दवाओं पर यथावत नियम लागू रहेंगे, क्योंकि बिना प्रिस्क्रिप्शन अबॉर्शन पिल्स लेना गर्भवती महिला के स्वास्थ्य के लिये हानिकारक होती है।












Click it and Unblock the Notifications