चीनी घुसपैठ पर भाजपा के कड़े तेवर
लखनऊ (ब्यूरो)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई ने बुधवार को हरदोई में कहा कि चीन की बेजा हरकतों को देखते हुए अगर केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो बीजिंग के साथ व्यापारिक संबंध खत्म कर लिए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि चीन की बनी सामग्री का इस्तेमाल करना बिल्कुल बंद कर दें।
बरेली जाते समय हरदोई जिला मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बाजपेई ने कहा कि चीन लगातार भारत विरोधी गतिविधियां कर रहा है। चीन ने 19 किलोमीटर भारतीय सीमा में घुसपैठ कर ली है लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ बातचीत करने की बात कह रही। बाजपेई ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो चीन की हरकतें सुधर जाएंगी या फिर उसके साथ व्यापारिक संबंध खत्म कर लिए जाएंगे।

प्रदेश की बात करते हुए उन्होंने कहा कि एपीएल कार्डधारकों को पहले 15 किलो गेहूं मिलता था जिसे अब घटाकर आठ किलो कर दिया गया। पहले केंद्र सरकार 56 लाख मीट्रिक टन गेहूं का आवंटन करती थी, लेकिन प्रदेश सरकार की लापरवाही के चलते अब आवंटन आधा कर दिया गया। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित कर लोकसभा चुनाव में उतारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी को संसदीय बोर्ड में शामिल कर लिया गया है। आगे भी इस बारे में राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा।












Click it and Unblock the Notifications