महिलाओं की सुरक्षा के लिए सामुहिक प्रयास की जरुरत: पीएम

नागरिक सेवा दिवस पर प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "हमारे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और उनकी स्थिति चिंता का विषय है। हमें इस दिशा में व्यापक सुधार करने होंगे। 5 साल की बच्ची के साथ राजधानी में हुए दुष्कर्म को घृणित करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, इस तरह की क्रूर वारदात हमें दुराचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सामूहिक प्रयास के लिए प्रेरित करते हैं। पीएम ने समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके प्रति बढ़ रहे अपराध को द्खते हुए कहा कि समाज को आत्मचिंतन करने की जरुरत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कानून को सख्त बनाने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं, ताकि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों से सख्ती से निपटा जा सके। वहीं महिलाओं को एक बेहतर माहौल देने के लिए लोगों से अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर हमारी यह विशेष जिम्मेदारी है कि हम महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण में योगदान दें।
गौरतलब है कि 15 अप्रैल को दिल्ली में पांच साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया। आरोपी ने उसे अपने घर में बंधक बना रखा था और उसके साथ दुष्कर्म किया और बर्बरता से पेश आया। गंभीर हालत में बच्ची को एम्स में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस बर्बरता के विरोध में एक बार फिर दिल्ली का गुस्सा सरकार और पुलिस के प्रति फूटा है। लोग दिल्ली में जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे है। प्रदर्शनकारी महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications