20 लाख पाउंड में बिकी मलाला यूसफजई की लाइफ-स्टोरी
बर्मिंघम। आतंकवादियों की गोली का शिकार हुई पाकिस्तानी लड़की मलाला यूसफजई के जीवन की कहानी अब किताब का रूप लेने वाली है। मलाला चाहती है कि वो किताब स्कूलों में पढ़ाई जाये। चौंकाने वाली बात यह है कि इस किताब में अपनी आप-बीती सुनाने के लिये मलाला को 20 लाख पाउंड मिलेंगे।
मलाला अपने जीवन पर प्रकाशित होने जा रही किताब को लेकर खासी उत्साहित हैं। बर्मिंघम के एक स्कूल में पढ़ाई कर रहीं मलाला ने इसमें अपने जीवन की उन महत्वपूर्ण घटनाओं का जिक्र किया है, जिनके बारे में हर कोई जानना चाहता है। जैसा कि आपको मालूम होगा कि मलाला तालिबानियों का शिकार सिर्फ इसलिये बनी, क्योंकि वो स्वात घाटी में महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना चाहती थी।

गोली लगने के बाद उसका कई दिन तक पाकिस्तान में इलाज चला, फिर उसे लंदन ले जाया गया। सुरक्षा कारणों को देखते हुए उसे अब बर्मिंघम के एक स्कूल में ही दाखिला दिलवाया गया है। किताब पर मलाला ने उम्मीद जतायी है कि उसके जीवन की कहानी पूरी दुनिया के बच्चों तक पहुंचेगी। मलाला ने कहा कि यह सिर्फ मेरी कहानी नहीं है, ये कहानी है दुनिया के 610 लाख बच्चों की, जिन्हें शिक्षा नहीं मिल पाती है। यह किताब उस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिये एक प्रयास होगी, जिसमें हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार की बात की जाये।
मलाला को कैसे गोली लगी थी?
मलाला लड़कियों की शिक्षा को लेकर एक मुहिम चला रही थी, जिस वजह से पाकिस्तानी तालिबान के आतिंकवादी उससे चिढ़ गये। अक्टूबर 2012 में जब मलाला स्कूल बस में पढ़ने जा रही थी, तभी आतंकियों ने बस रोकी और पूछा, मलाला कौन है? अगर नहीं बताओगे, तो मैं सबको मार डालूंगा! इस पर मलाला खुद आगे आयी और बोली, मैं हूं लाला यूसफजई। इतना सुनते ही आतंकी ने उसके माथे पर गोली मार दी और वहां से निकल गया। बर्मिंघम के क्वीन एलिजाबेथ अस्पताल में उसका लंबा इलाज चला और अब वो बिलकुल ठीक है और यहीं पर स्कूल जाती है।












Click it and Unblock the Notifications