नेताजी बोले- तुम मुझे बेनी दो मैं तुम्हें सत्ता दूंगा
लखनऊ। हेडलाइन पढ़ने के बाद आपको नेताजी सुभाष चंद्र बोस की याद आ गई होगी, जो कहते थे "तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा" लेकिन आज बोल बदल चुके हैं और नेताजी भी। यहां नेताजी हैं समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और वो इस समय यूपीए से कह रहे हैं, "तुम मुझे बेनी दो मैं तुम्हें सत्ता दूंगा"।
बेनी बाबू ने बुधवार को भले ही रूठे मन से माफी मांग ली है, लेकिन मुलायम को उनकी माफी मंजूर नहीं है। मुलायम अभी भी बेनी बाबू को केंद्रीय इस्पात मंत्री के पद से हटाने की मांग पर अटल हैं। मुलायम सिंह यादव को गुंडा और कमीशनखोर कहकर कांग्रेस के लिए मुश्किल पैदा करने वाले केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा की वजह से बदले हुए सियासी हालात में सपा किसी भी हालत में बेनी बाबू को मंत्री पद पर नहीं देख सकती। यह फैसला सिर्फ मुलायम का नहीं है, बल्कि पूरी समाजवादी पार्टी का है।

मजेदार बात यह है कि यूपीए इस समय मुलायम के सामने नतमस्तक है। उसके हाथ बंधे हुए हैं। और वो मुलायम की बात मानने के सिवा कुछ नहीं कर सकती, क्योंकि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने समर्थन वापस ले लिया है। हालांकि सूत्र बता रहे हैं कि अगले एक-दो दिनों में ही बेनी बाबू को मंत्रिमंडल से हटा दिया जाएगा।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम आसरे कुशवाहा ने भी साफ कर दिया है कि बेनी प्रसाद की मंत्री पद से बर्खास्तगी से कम हमें मंजूर नहीं है। बेनी के मुद्दे पर क्या फैसला करना है कि इसके लिए सपा प्रमुख मुलायम सिंह गुरुवार को संसदीय बोर्ड के सदस्यों सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। मुलायम और सपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के रुख से साफ है कि पार्टी बेनी की बर्खास्तगी कराकर ही दम लेगी।












Click it and Unblock the Notifications