होली पर ट्रेन न मिले तो बस से जाइये घर

बसों के संचलन में कोई बाधा न हो, इसके लिए रोडवेजकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गयी है, वहीं अधिकारियों को इस अवधि में डिपो व क्षेत्रों में तैनात रहकर बसों के संचलन पर नजर रखने के निर्देश दिये गये हैं। गौरतलब है कि होली पर ट्रेनों में आरक्षण फुल हो जाने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। दिल्ली में हजारों यात्री लखनऊ आने के लिए फंसे हैं, जबकि होली के बाद लौटने वालों से भी ट्रेनों में तिल रखने की जगह नहीं है। रोडवेज के प्रवक्ता अजय श्रीवास्तव ने बताया कि होली पर यात्रियों को सुविधा पहुंचाने के लिए 24 से 31 मार्च तक विशेष बसें चलायी जाएगी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में फंसे यात्रियों को मंजिलों पर पहुंचाने के लिए दो दर्जन से अधिक बसें आलमबाग व कैसरबाग बस स्टेशनों से भेजी जाएंगी। साथ ही गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर, रायबरेली, कानपुर, लालगंज, फतेहपुर जैसे पाकेट रूटों पर भी विशेष बसें चलाने की तैयारी है, साथ ही गोरखपुर, आजमगढ़, वाराणसी, बलिया, डुमारियागंज जैसे लम्बे रूटों पर भी बसें चलायी जाएंगी। उन्होंने बताया कि कुछ बसें रिजर्व कोटे में रखी जाएगी, जो यात्रियों की मांग पर चलायी जाएंगी।
प्रवक्ता ने बताया कि अधिक से अधिक बसों को ऑन रोड रखने के लिए प्रत्येक डिपो को अतिरिक्त स्पेयर पार्ट्स, टायर- ट्यूब व अन्य सामान मुहैया कराया जाएगा। इस अवधि में कोई सेवा प्रबंधक व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अपना क्षेत्र नहीं छोड़ेगा। आपात स्थितियों को छोड़कर अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गयी है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि अनुबंधित बसों के शत-प्रतिशत संचलन किया जाए, ताकि जनता को परेशानी से बचाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications