वेनेजुएला वासियों ने किये शावेज के अंतिम दर्शन
मेक्सिको सिटी। हजारों वेनेजुएला वासियों ने राजधानी कराकस में शनिवार को सैन्य संग्रहालय के बाहर कतारबद्ध होकर अपने नेता के अंतिम दर्शन किए। ह्यूगो शावेज के पार्थिव शरीर को यहीं लाकर एक संगमरमर के ताबूत में रखा गया है। दस दिन के राष्ट्रीय शोक के अंतिम दिन शुक्रवार को शावेज के पार्थिव शरीर को एक काले रंग की शवगाड़ी में सैन्य अकादमी से सैन्य संग्रहालय लाया गया था। 12 किलोमीटर की शवयात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया था।
14 वर्ष तक वेनेजुएला की कमान संभालने वाले शावेज अब शोकसंतप्तों को सैन्य संग्रहालय की दीवारों पर टंगे चित्रों में ही नजर आ रहे हैं। यहां लेकिन फोटो उतारने की इजाजत नहीं है। संग्रहालय के कर्मचारी रोज दिन में अपराह्न् 4.25 बजे-शावेज की मृत्यु के समय-हवा में गोली चलाएंगे।

वेनेजुएला की सरकार ने शावेज के पार्थिव शरीर को अनंतकाल तक सुरक्षित रखने की योजना को त्याग दिया है। अभी तक हालांकि साफ नहीं हो पाया है कि भविष्य में उनके पार्थिव शरीर का क्या किया जाएगा।
संचार मंत्री अरनेस्टो विलेगास ने अपने ट्विटर ब्लॉग में शुक्रवार को लिखा, "रूस के एक चिकित्सा आयोग की रपट के बाद हम लोगों ने कमांडेंट शावेज के पार्थिव शरीर का संलेपन करने से मना कर दिया। हजारों वेनेजुएला वासियों ने हालांकि शव के संलेपन की इच्छा जताई थी।"
कार्यकारी राष्ट्रपति निकोलस मदुरो ने शावेज के पार्थिव शरीर को नेशनल पैंथिऑन में रखने की अनुमति के लिए संविधान संशोधन हेतु नेशनल एसेंबली से आग्रह किया है। शावेज के समय उपराष्ट्रपति रहे मादुरो 14 अप्रैल को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ दल के उम्मीदवार होंगे। मिरांडा राज्य के गवर्नर हेनरिक कैप्रिलेस विपक्ष के उम्मीदवार होंगे। ये पिछले साल अक्टूबर के राष्ट्रपति चुनाव में शावेज से हार चुके है। एक सर्वेक्षण में मदुरो की जीत की संभावन जताई गई है। ज्ञात हो कि कैंसर की लम्बी बीमारी के बाद शावेज का पांच मार्च को 58 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications