वित्त मंत्री ने शानदार बजट पेश किया है: कपिल सिब्बल
बैंगलोर। आज भारत के वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने संसद में आम बजट पेश किया है। जिसकी भाजपा के ज्यादातर नेताओं ने निंदा की है। भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का कहना है कि बजट में आम आदमी और किसानों के लिए कुछ नहीं है। इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है जिसके आधार पर यह कहा जा सके यह उत्साहित करने वाला बजट है। हालांकि बजट से पहले यह उम्मीद की जा रही थी आने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए बजट लोकलुभावन हो सकता है।
वहीं कांग्रेस के एक मंत्री कपिल सिब्बल ने साफ तौर पर कह दिया है कि इस बजट को चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। चुनाव कौन जीतेगा इसका फैसला जनता ही करेगी। उन्होने वित्तमंत्री की तारीफ करते हुए कहा है कि अगर आप देखें तो पायेंगे कि अन्य देशों की तुलना में भारत में आम आदमी पर कर सबसे कम है और इस आर्थिक संकट के दौर में करों में कोई बढ़ोत्तरी न कर वित्तमंत्री ने प्रशंसनीय काम किया है।
वहीं भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि इस बजट में फिल्म उद्योग के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया गया है। जबकि यह एक ऐसा उद्योग है, जिससे कि सीधे तौर पर लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है।
आईये देखते हैं इस बजट के बारे में अन्य लोगों ने क्या कहा है?

सुषमा स्वराज
सुषमा स्वराज का कहना है कि यह बजट बेहद निराशाजनक है। वित्तमंत्री ने अपने भाषण की शुरूआत अर्थव्यवस्था की चुनौतियों का जिक्र करते हुए की थी लेकिन उन चुनौतियों से निपटने के लिए इसमें कोई भी प्रावधान नहीं किया गया है, न तो महंगाई कम करने के लिए कुछ किया गया है, न किसानों के लिए और न ही मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के लिए इसमें कुछ खास है। इस बजट में आम आदमी का कहीं भी जिक्र नहीं किया गया है। उन्होने सरकार की निंदा करते हुए कहा कि युवाओं की बात करने वाली सरकार ने रोजगार के लिए बजट में बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया है।

मनीष तिवारी
सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा है कि मैं बजट से पूरी तरह सहमत हूं। इसमें भारत की अर्थव्यवस्था को प्रगतिशील बनाये रखने पर ध्यान दिया गया है।

शत्रुघ्न सिंहा
यह एक लॉलीपाप बजट है, जिसमें सिर्फ आंकड़ों का हेर फेर किया गया है। इसमें किसानों के लिए कुछ भी खास नहीं है। बजट में फिल्म उद्योग के सशक्तिकरण के लिए कुछ भी नहीं किया गया है जो कि लोगों को रोजगार देती है साथ ही इससे टैक्स के रूप में सरकार को काफी लाभ होता है।

कपिल सिब्बल
कपिल सिब्बल का कहना है कि अगर आप देखें तो पायेंगे कि दुनिया में सबसे कम कर भारत में ही हैं। चिदंबरम ने वैश्विक अार्थिक संकट के वक्त भी लोगों पर टैक्स का कोई भार नहीं डाला है, यह बेहद खास बात है। बजट में महिलाओं और युवाओं का खास ख्याल रखा गया है। इसे चुनाव के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए, चुनाव के लिए हम जनता पर ही निर्भर है, जनता जो भी फैसला करेगी हम उसका सम्मान करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications