विपक्ष ने की आलोचना, कहा आम बजट नहीं लॉलीपॉप बजट था
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। लोकसभा में वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने अपना आठवां और यूपीए 2 का अंतिम बजट पेश कर दिया। बजट समाप्ती के बाद प्रतिक्रियाओं का दौर शुरु हो गया है। जहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके अन्य सहयोगियों ने इस बजट की जमकर सरहाना की है वहीं विपक्ष ने इसे लॉलीपॉप बजट करार दिया है। वहीं यूपीए की सहयोगी दल समाजवादी पार्टी ने बजट से पूर्व ही आम बजट का विरोध करने की घोषणा कर दी थी। भारतीय जनता पार्टी के नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बजट की आलोचना करते हुए कहा है कि यह आम बजट नहीं लॉलीपॉप बजट था। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह एक उलझा हुआ बजट था।
सिन्हा ने कहा कि वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने जोड़-तोड़ कर बजट पेश किया है। हालांकि जो सही था सिन्हा ने उसकी तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने किसानों, मजदूरों व युवा, फिल्म उद्योगों पर सर्विस टैक्स हटाकर अच्छा काम किया है। सिन्हा ने कहा कि आम बजट से आम आदमी को दरकिनार कर दिया गया है। वहीं भाजपा प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी भी बजट से काफी नाखुश दिखे और उन्होंने कहा कि यह बजट जमीनी हकीकत से काफी दूर है और यह स्कॉइलैब बजट है।
वहीं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बजट की सराहना की है। उन्होंने बजट के बाद दिए एक साक्षात्कार में कहा कि हमें विकास दर को बढ़ाना है। रोजगार बढ़ाने की जरूरत है। सरकार ने घाटा कम कर विकास का काम किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालयों को चुनौती का सामना करते हुए मिले मौकों को सही दिशा में काम करना है। विकास दर को आगे बढ़ाने में वक्त नहीं गंवाना चाहिए। आठ फीसदी से ज्यादा का विकास दर हो तभी हर किसी को फायदा मिलेगा। इससे पूर्व 26 फरवरी को पेश हुए रेल बजट की जमकर आलोचना करने वाली समाजवादी पार्टी ने आम बजट का विरोध करने का फैसला लिया है। बजट पेश होने से पूर्व समाजवादी पार्टी के नेता नरेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी पार्टी संसद में आम बजट का विरोध करेगी। चिदंबरम जब बजट पेश कर रहे थे तो उस दौरान सांसदों ने हंगामा कर दो-तीन बार वित्त मंत्री के भाषण का विरोध किया।













Click it and Unblock the Notifications