यात्रीगण कृपया ध्यान दें- कई सौगातें ला रही है रेल बजट एक्सप्रेस
नई दिल्ली (वनइंडिया ब्यूरो)। रेलमंत्रालय रूपी प्लेटफॉर्म की फाइलों में रेल बजट 2013 को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अनाउंसमेंट कुछ इस प्रकार हो रहा है- यात्रगण कृपया ध्यान दें। रेलमंत्री श्री पवन बंसल की बजट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 11 बजे संसद भवन पहुंचेगी। बजट का पिटारा खुलते ही सभी यात्रियों के लिये ढेर सारी सौगातें बाहर आयेंगी।
जी हां, ऐसा ही कुछ इस बार का रेल बजट होने वाला है, क्योंकि लोकसभा चुनाव से पहले यह अंतिम बजट सत्र है और यूपीए सरकार जनता को जरा भी नाराज नहीं करना चाहियेगी। दिल्ली के राजनीतिक विशेषज्ञ प्रो. उमाशरण सिंह कहते हैं कि यूपीए के लिये मिडिल क्लास बहुत महत्वपूर्ण है, लिहाजा किराये में सीधी बढ़ोत्तरी शायद ही हो। हां अलग से चार्ज लगाकर भले ही रेलवे कुछ पैसा कमाने की कोशिश करे, क्योंकि हमेशा से घाटे में रहे रेलवे को कहीं से तो पैसा निकालना ही होगा।
अर्थशास्त्रियों के मुताबिक रेलवे को किराया बढ़ाने पर 3300 करोड़ रुपए अधिक आय हो सकती है।लिहाजा सुविधाओं को बढ़ाने के लिये रेलवे अतिरिक्त चार्ज बढ़ाकर अधिक किराया वसूल सकता है। पिछले साल तत्कालीन रेलमंत्री मुकुल रॉय ने बजट पेश करते वक्त रेल के बढ़े किराये की घोषणा की थी, तो जबर्दस्त हंगामा हुआ था, जिस वजह से बाद में बढ़ा किराया वापस लेना पड़ा था। इस साल भी यूपीए सरकार कोई रिस्क लेना नहीं चाहेगी। क्योंकि विपक्षी दल किराये को मुद्दा बना सकते हैं।
रही बात नई ट्रेनों, रेल कोच और रेलवे लाइनें बिछाने की, तो इस बार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश्ा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर को फायदा पहुंच सकता है। असल में हमेशा से यह प्रथा रही है कि अधिकांश रेल मंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों को सौगातें दी हैं। ममता ने पश्चिम बंगाल को फायदा पहुंचाया तो लालू और पासवान ने बिहार को। इस बार बारी दिल्ली, चंडीगढ़ की है।
रेलवे कर्मचारियों को भी विशेष लाभ पहुंचने की संभावना है, क्योंकि यूपीए सरकार के लिये वो भी एक बड़ा वोट बैंक है। अगर मीडियम क्लास के कर्मचारी खुश हुए तो अगले चुनाव में यूपीए को फायदा मिल सकता है।













Click it and Unblock the Notifications