दिल्ली में दहशत, पति के सामने पत्नी की सरेराह गोली मारकर हत्या

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस ने बताया कि जिस महिला की मौत हुई है उसका नाम पूजा (25) था। वो करीब 7:30 बजे अपने पति मोहन प्रसाद के साथ सड़क पर खड़ी थी। उसी वक्त शराब में नशे में एक कार सवार आया और उसने पूजा से बत्तमीजी करनी शुरु कर दी। मोहन प्रसाद ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने महिला पर गोली चला दी। मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो जिस जगह पर हत्या हुई वहां से पुलिस सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर थी, लेकिन पुलिसवालों को मौके पर पहुंचने में 10 मिनट से ज्यादा का वक्त लग गया। लोगों ने ही हत्या करके भाग रहे लड़के को धर-दबोचा। इस बीच पुलिसवाले पीसीआर वैन में बिठाकर जख्मी महिला को एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई।
दिल्ली में दहला देने वाली इस घटना के 4 घंटे बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि पूजा भजनपुरा की रहने वाली है। जिस व्यक्ति ने उसे गोली मारी उसका नाम मुंशी यादव है। पुलिस ने बताया कि मारी गई महिला और आरोपी दोनों एक दूसरे को डेढ़ साल से जानते हैं। वहीं पुलिस का दावा और चश्मदीदों का दावा काफी अलग-अलग है। चश्मदीदों की मानें तो छेड़खानी हुई जबकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। किसका दावा सही है। ये जांच के नतीजे पर निर्भर है, लेकिन जिस तरह एक महिला को राजधानी की सबसे भीड़भाड़ वाली सड़क पर गोली मारी गई। उससे ये सवाल उठने लगा है कि क्या दिल्ली पुलिस वारदात के बाद सिर्फ तफ्तीश करने के लिए रह गई है? वहीं जिस जगह पर इस वारदात को अंजाम दिया गया, वो रिंग रोड पर पड़ता है। पास में ही बस स्टॉप है, और कुछ ही दूरी पर निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन है। पूरी रात यहां काफी आवाजाही होती है। इसके बावजूद एक शख्स का शराब के नशे में धुत होकर, हथियार लेकर यहां तक आ जाना पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े करता है।
हाई अलर्ट, फिर भी मर्डर
सराय काले खां इलाके में जिस जगह पूजा को गोली मारी गई, उस जगह के आसपास लगभग हर वक्त पुलिस की मौजूदगी होती है। रात 8 बजे का समय यहां पीक आवर्स होते हैं। हैदराबाद बम ब्लास्ट के बाद दिल्ली में वैसे ही हाई अलर्ट घोषित किया हुआ है और रविवार सुबह से इंडिया गेट को भी आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था। इतनी सारी चौकसी और पुलिस की मौजूदगी होने के बावजूद आखिर कैसे सरेराह महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications