हैदराबाद ब्लास्ट पर राजनीति- भाजपा का आंध्रा बंद का ऐलान
हैदराबाद। दिलसुखनगर में हुए बम धमाकों पर आखिरकार राजनीति शुरू हो गई। राजनीति शुरू की है भारतीय जनता पार्टी ने और राज्य में बंद का आह्वान किया है। बम विस्फोटों के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश बंद का आह्वान किया है। विस्फोटों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हो गए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के सभी लोगों से अपील की है कि वे विस्फोटों के विरोध में अपनी इच्छा से बंद में शामिल हों और पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताएं। रेड्डी ने कहा कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से चेतावनी मिलने के बाद भी राज्य सरकार विस्फोटों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने में विफल रही। उन्होंने सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ सख्ती से निपटने की मांग की।
भाजपा के बंद और जुमे की नमाज को देखते हुए हैदराबाद समेत कई शहरों में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इन धमाकों का असर अभी संसद में भी दिखेगा, जब बजट सत्र के दूसरे दिन आज कार्यवाही शुरू होगी। दिल्ली में कई राजनीतिक दल केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। इनमें वाम दल भी शामिल हैं। आज सदन में भारी हंगामा होने की उम्मीद है।
इधर नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने आनन-फानन में दिए गए अपने प्रेस वक्तव्य में कहा कि हमला होने की खुफिया जानकारी सरकार को थी और राज्यों को इस बारे में सतर्क कर दिया गया था। शिंदे ने कहा, "सरकार को दो दिनों पहले ही हमला किए जाने की खुफिया सूचना मिली थी जिससे सभी राज्यों को अवगत करा दिया गया था।"
यह पूछे जाने पर कि सूचना के बावजूद हमला क्यों हुआ, इसका उन्होंने कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अभी जो प्रारंभिक सूचना हमारे पास है हम वही दे रहे हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि गुरुवार सुबह को भी राज्यों के अधिकारियों को सचेत किया गया था।













Click it and Unblock the Notifications