बंद को सफल बनाने निकले 2 लाख शिवसैनिक
मुंबई। महंगाई, निजीकरण, रोजगार असुरक्षा तथा ठेके पर काम की बढ़ती प्रवृत्तियों के खिलाफ शिवसेना सोमवार को एक विशाल मार्च आयोजित कर रही है। इसमें पूरे महाराष्ट्र से दो लाख से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं के शिरकत करने की सम्भावना है। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से सोमवार सुबह से ही कार्यकर्ताओं का मुंबई पहुंचना शुरू हो गया।
कार्यकर्ता भायखला में एकत्र होंगे और फिर वहां से आजाद मैदान के लिए मार्च करेंगे। दोनों स्थलों के बीच की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के कारण सुबह से ही मुंबई की सड़कों पर जगह-जगह जाम की स्थिति रही। शिवसेना के मार्च को लगभग तीन दर्जन शीर्ष मजदूर संगठनों का समर्थन प्राप्त है। बैंकिंग, बीमा तथा वित्तीय क्षेत्र के संगठन भी इसमें शामिल होने वाले हैं।

इस बीच, विभिन्न मजदूर संगठनों ने बुधवार और गुरुवार को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद की घोषणा की है। हालांकि महाराष्ट्र में 10वीं की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो रही है और बंद को देखते हुए लोगों ने असुविधा की आशंका जताई है। लेकिन बंद के आयोजकों का कहना है कि स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय इससे प्रभावित नहीं होंगे। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से कहा है कि बंद सरकार के खिलाफ है और इससे छात्रों को असुविधा नहीं होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications