महंगाई बढ़ाकर सरकार ने जीना मुश्किल कर दिया: भाजपा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने डीजल व पेट्रोल की ताजा मूल्यवृद्धि को लेकर केन्द्र सरकार की कटु आलोचना की है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं सदस्य विधान परिषद हृदयनारायण दीक्षित ने पेट्रो पदार्थो की ताजा मूल्य वृद्धि पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार के इस जनविरोधी कदम से मंहगाई बढ़ेगी। सरकार ने कुछ दिन बाद ही शुरू होने जा रहे बजट सत्र की भी प्रतीक्षा नही की।
सरकार को यह घोषणा सदन में करनी चाहिए और पक्ष-विपक्ष की राय सुनकर ही सही निर्णय लेना चाहिए था। श्री दीक्षित ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि का असर केवल पेट्रोल और डीजल के ही उपभोक्ताओं पर नही पड़ता।

पेट्रो पदार्थो की कीमतों मे वृद्धि का प्रभाव चक्रानुवर्ती होता है। डीजल की हाल ही में हुई मूल्य वृद्धि से परिवहन सेवाओं का किराया पहले ही बढ़ चुका है। माल ढुलाई की दरे भी पहले से ही बढ़ चुकी थी।अब ताजा मूल्य वृद्धि से लोक परिवहन व माल ढुलाई की दरें बढ़ेगी।
पहले से ही जानलेवा बनी मंहगाई और भी बेतहाशा बढ़ेगी। सरकार ने इस कदम से मंहगाई की आग में मूल्यवृद्धि का पेट्रोल/डीजल डाला है। श्री दीक्षित ने केन्द्र सरकार की समर्थक सपा व बसपा को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि सपा, बसपा के ही दम पर केन्द्र सरकार मंहगाई बढ़ा रही है। पेट्रोल डीजल की कीमतें और मंहगाई बढ़ाने के लिए सपा, बसपा भी उतने ही जिम्मेदार है जितनी कांग्रेस। सपा ,बसपा कांग्रेस के इस पाप में बराबर के भागीदार है। जनता तीनों से बदला लेगी।












Click it and Unblock the Notifications