डीजल 45 पैसे, पेट्रोल डेढ़ रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि की वजह से शुक्रवार की आधी रात से डीजल 45 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल 1.50 रुपये प्रति लीटर महंगा हो जाएगा। दिल्ली में एक लीटर डीजल की मौजूदा कीमत 47.65 रुपये प्रति लीटर है। अब यह करों के अतिरिक्त 45 पैसे महंगा हो जाएगा। इसी तरह राष्ट्रीय राजधानी में 67.26 रुपये प्रति लीटर मिलने वाले पेट्रोल की कीमतों में करों के अतिरिक्त प्रति लीटर 1.50 रुपये की वृद्धि हो जाएगी।
अलग-अलग कर ढांचा होने के कारण राज्यों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अंतर होता है। डीजल और पेट्रोल की कीमतों में पिछली बार पुनरीक्षण इसी वर्ष 18 जनवरी को किया गया था। तब डीजल की कीमतों में इस बार के समान ही 45 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी। लेकिन पेट्रोल की कीमतें प्रति लीटर 25 पैसे घटा दी गई थी।

इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने कहा, "कीमतों में अंतिम बार किये गये परिवर्तन के बाद से अंतर्राष्ट्रीय तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई। कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 109.08 डॉलर से बढ़कर 113.24 डॉलर प्रति बैरल हो गई है।" कीमतों में की गई इस नई वृद्धि से डीजल पर अंडर-रिकवरी मौजूदा 10.72 रुपये प्रति लीटर से घटकर 10.27 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications