अफजल के परिवार ने अंतिम रस्म पूरी करने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी
नई दिल्ली। दिल्ली की तिहाड़ जेल में शनिवार को फांसी पर लटकाए गए संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु के परिवार ने प्रशासन से अफजल की आखिरी रस्म धार्मिक परंपरा के अनुसार पूरी करने की अनुमति मांगी। अधिकारियों के मुताबिक अफजल के शव को जेल परिसर में ही दफना दिया गया।
जेल की महानिदेशक विमला मेहरा को लिखे पत्र में अफजल की पत्नी तबस्सुम ने कहा कि उसके पति की आखिरी रस्म सम्मानजनक तरीके से होनी चाहिए। पत्र का मसौदा अफजल के वकील एन.डी. पंचोली ने तैयार किया।

तबस्सुम के पत्र की एक प्रति आईएएनएस को उपलब्ध हुई है, जिसमें कहा गया है, "अगर आप हमें यह जानकारी दे सकें कि परिवार के सदस्य कब 'नमाज-ए-जनाजा' अदा कर सकते हैं तो हम आपके शुक्रगुजार होंगे।"
पत्र में लिखा है, "हम नहीं चाहते कि पहले से गरमाए माहौल में इसे एक राजनीतिक मुद्दा बनाया जाए, लेकिन भारत के नागरिक होने के नाते परिवार के सदस्यों को जो हक है, वो उन्हें अदा करने दिया जाए।"
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2001 में संसद पर हमले में मुख्य भूमिका निभाने के दोषी अफजल गुरु को शनिवार सुबह आठ बजे फांसी दे दी गई। अफजल की दया याचिका राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने तीन फरवरी को खारिज कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications