अमेठी में राहुल गांधी ने मित्र अखिलेश को जमकर कोसा
अमेठी। राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में कदम रखते ही अपने 'सबसे अच्छे मित्र' अखिलेश यादव को कोसना शुरू कर दिया। जी हां अखिलेश को! क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाने का मतलब आप सीधे-सीधे मुख्यमंत्री पर कमेंट कर रहे हैं। हमने यहां मित्र शब्द इसलिये इस्तेमाल किया, क्योंकि यूपीए को केंद्र में सपा का समर्थन हासिल है।
अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में कांग्रेस की एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल अपने स्वागत को देख इतने खुश हो गये कि उन्होंने शहर को अपना परिवार बता डाला। खैर इतना प्यार लाजमी भी है, क्योंकि राहुल यहां से सांसद जो हैं। लेकिन अधिकांश लोग तब भौचक्के रह गये, जब उन्होंने यूपी सरकार को कोसना शुरू किया। उन्होंने कहा यूपी में जनता को बहुत कष्ट है। इस कष्ट को कोई और नहीं बल्कि सिर्फ कांग्रेस दूर कर सकती है।

राहुल ने अखिलेश के राज्य पर उंगली उठाते हुए कहा कि जितनी प्रगति होनी चाहिये, उतनी नहीं हो रही है। न युवाओं को रोजगार मिल रहा है और न गरीबों को न्याय। ऐसा तबतक जारी रहेगा जब तक कांग्रेस की सरकार नहीं आ जाती। राहुल ने अमेठी की जनता को यह भी जता दिया कि वो अब उपाध्यक्ष बन गये हैं। बोले, "मुझे पद मिला है और मैं इस जिम्मेदारी को निभाते हुए आपके लिये बहुत कुछ करना चाहता हूं। आपके साथ रिश्ते को मजबूत करना चाहता हूं।"
राहुल के इस भाषण से कई सवाल उठते हैं। पहला कि केंद्र में सपा का समर्थन होने के बावजूद वो क्यों अखिलेश के विरोधी बने फिर रहे हैं? दूसरा सवाल कि चुनाव लोकसभा के होने हैं, विधान सभा के नहीं। अगर एक बार फिर आपकी सरकार केंद्र में बन भी गई, तो कौन सा तीर आप मार लेंगे, सरकार तो अभी भी आपकी ही है। इस समय आप क्या नहीं कर पा रहे हैं, जो बाद में कर लेंगे?












Click it and Unblock the Notifications