भारी बारिश, तेज़ हवाओं और ठंड से दिल्ली-एनसीआर बेहाल
नई दिल्ली। राजधानी व एनसीआर में रात भर बारिश और साथ में ओले पड़ने से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश की वजह से दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई शहरों में ठंड बढ़ गई है। इस वजह से जगह-जगह जलभराव भी देखने को मिला है।
सोमवार की शाम उत्तर भारत में अचानक मौसम ने करवट ली और दिल्ली में बारिश की फुहारें पड़ने लगीं। इससे पहले मनाली, गुलमर्ग और कुल्लू में भारी बर्फबारी हुई। मौसम में इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। खास बात यह है कि इस समय कोहरे से ज्यादा घातक तेज हवाएं हैं।

रात को फरीदाबाद व आस-पास के इलाकों में ओले गिरने से तापमान में अचानक गिरावट आयी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.3 रहा, जबकि न्यूनतम 11.3 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक 7 फरवरी के बाद दिल्ली में ठंड और बढ़ेगी। उस दौरान कोहरा भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया पाकिस्तान में आये पश्चिमी विक्षोभ आया फिर जम्मू-कश्मीर से होते हुए एनसीआर तक पहुंच गया। ये हवाएं अफगानिस्तान की ओर से आ रही हैं।
पूरे उत्तर भारत की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में शिमला, मनाली, कुल्लू, गुलमर्ग, लद्दाख में भारी बर्फबारी हो सकती है। इस वजह से एनसीआर में बारिश भी हो सकती है।
नोएडा में हमारे रिपोर्टर अंकुर श्रीवास्तव के मुताबिक रात को सोते वक्त उनकी आंख खुली तो देखा बेडरूम के अंदर पानी भरा हुआ था। बारिश का पानी बालकनी से होते हुए अंदर तक घुस आया। बाहर का नजारा कुछ ऐसा है कि सेक्टर 20 बी ब्लॉक में जबर्दस्त जल भराव है। बारिश अभी भी जारी है।
बिजली गुल, निकले ऊनी कपड़े
बारिश के कारण दिल्ली व एनसीआर की बिजली काट दी गई है। जगह-जगह जाम लग गया है। आने-जाने में मुश्किल हो रही है। ऑफिस टाइम होने के कारण भारी जाम लगा हुआ है। वहीं दिल्ली व एनसीआर के लोगों ने जहां ऊनी कपड़े बक्सों में बंद कर दिये थे, आज फिर से निकाल लिये हैं।












Click it and Unblock the Notifications