संकट में कर्नाटक, भाजपा के 13 बागी विधायकों का इस्तीफा
बैंगलोर। कर्नाटक में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भाजपा की सरकार खतरे में आ गई है क्योंकि पार्टी के 13 बागी विधायकों ने स्पीकर जी बोपैया से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि दो मंत्रियों सहित इन 13 विधायकों ने पिछले बुधवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। पिछली बार जब सभी विधायक पूर्व मुख्यमंत्री और केजीपी चीफ बीएस येदियुरप्पा के साथ इस्तीफा देने पहुंचे थे तो उस वक्त स्पीकर अपने केबिन में मौजूद नहीं थे। इस बात से नाराज विधायकों ने वहीं से सीधे राज्यपाल अवास की तरफ कूच किया था और राज्यपाल हंसराज भारद्वाज को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
विधायकों के इस्तीफे के बाद जहां एक तरफ राजनीतिक चर्चा जोरो पर है कि भारतीय जनता पार्टी अल्पमत में आ सकती है वहीं भाजपा दावा कर रही है कि उसकी सरकार पर कोई संकट नहीं है। मगर बीएस येदियुरप्पा ने यह कह कर राजनीतिक घमासान मचा दिया है कि भाजपा के पांच और विधायक उनके संपर्क में हैं जो जल्द ही अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। वहीं भाजपा ने इन बागी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मां की है।

मालूम हो कि 223 सदस्यों की कर्नाटक विधानसभा में बहुमत के लिए 113 विधायकों की जरूरत है। फिलहाल बीजेपी के कुल 119 विधायक हैं। 13 विधायक निकलने पर उसके पास 106 विधायक ही बचेंगे। तब विधानसभा सदस्यों की संख्या भी 223 से कम होकर 210 हो जाएगी। यानि बीजेपी को बहुमत के लिए 106 सदस्यों की ही जरुरत होगी जो फिलहाल उसके साथ हैं। मगर येदियुरप्पा ने जो संकेत दिया है कि भाजपा के पांच और विधायक उनके संपर्क में है वो एक बड़ा खतरा है। क्योंकि बीजेपी से एक भी विधायक इधर से उधर हुआ तो सरकार को लेने के देने पड़ जायेंगे। वहीं 4 फरवरी को बजट पेश करते वक्त उसके लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications