महिलाओं की संख्‍या 45 लाख और सुरक्षा में सिर्फ 86 महिला सिपाही!

crime-against-women
बांदा। मौजूदा समय में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि वीआईपी की सुरक्षा में कटौती कर आम जनता खास कर महिलाओं की सुरक्षा में बढ़ोत्‍तरी की जाये। इसी क्रम में उत्‍तर प्रदेश की अखिलेश सरकार भी महिलाओं की सुरक्षाके पुख्‍ता इंतजाम करने का दवा कर रही है। मगर अखिलेश यादव के ये दावे कितने खोखले हैं इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बुंदेलखंड़ की 45,63,831 महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ 6 महिला उपनिरीक्षक और 86 महिला सिपाहियों के कंधे पर टिकी है।

हालात तो यह है कि महिला थानों में न तो सरकारी असलहे हैं और ना ही कोई वाहन। इन सबके बावजूद भी चाक चौबंद सुरक्षा के दावे किये जा रहे हैं।
राजधानी दिल्ली में एक छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद देश में फैले जनाक्रोश से सभी राज्यों की सरकारें महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की बात कह रही हैं। उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार भी अब तक कई दिशा-निर्देश जारी कर चुकी है। लेकिन सरकार की निगाह महिला थानों की ओर नहीं गयी, जहां न पर्याप्त महिला स्टाप है और न सरकारी असलहे व कोई वाहन।

ऐसी स्थिति में महिला थाना आधी आबादी की सुरक्षा करने में कितना कारगर सिद्ध हो रहे होंगे, आप अंदाजा लगा सकते हैं। उत्तर प्रदेश में कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता, जब किसी महिला की आबरू न लुटती हो। उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड़ के सात जनपदों बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, जालौन, झांसी व ललितपुर में 2011 की जनगणना के मुताबिक कुल जनसंख्या-96,59,718 है, इसमें महिलाओं की संख्या-45,63,831 है। सभी जनपदों में महिला थाने संचालित हैं, पर अपवाद स्वरूप महानगर झांसी को छोड़ दिया जाए तो अन्य सभी थानों में 46 निहत्थी महिला सिपाही ही तैनात हैं, जिनके कंधे पर आधी आबादी की सुरक्षा सौंपी गई है।

बांदा और चित्रकूट जिले में एक भी महिला उपनिरीक्षक (एसआई) नहीं हैं, यहां के महिला थानों का प्रभार पुरुष उपपिरीक्षकों को सौंपा गया है। सिर्फ महानगर झांसी के महिला थाना में दो महिला उपनिरीक्षक और 40 महिला कांस्टेबिल तैनात हैं, यहां सरकारी असलहा व एक जिप्सी गाड़ी मौजूद है। बांकी के थानों में कुछ भी नहीं है, फिर भी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के दावे कर रही है।

उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड़ के बांदा जनपद में महिलाओं की संख्या-8,33,418 है, महिला थाना बांदा के थाना प्रभारी शिवमिलन सिंह ने बताया कि ‘यहां चार साल से महिला थाना संचालित है, इस थाने में अब तक महिला उत्पीड़न से जुड़े केवल 15 अभियोग दर्ज किए गए हैं।' उन्होंने बताया कि ‘थाने में सात महिला सिपाही हैं, जिनमें दो शीलू निषाद की सुरक्षा में लगी हैं शेष जेल और अदालत में ड्यूटी दे रही हैं।' वह बताते हैं कि ‘जिले में एक भी महिला उपनिरीक्षक नहीं है, थाने में एक पुरानी जीप तो है, पर चालक नहीं है और न ही एक भी असलहा है।'

चित्रकूट जिले में महिलाओं की संख्या-4,63,525 है, यहां के महिला थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि ‘थाने में केवल तीन महिला सिपाही तैनात हैं, न असलहा हैं और न ही कोई वाहन दिया गया है। थाने में तीन साल से एक भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई, सामान्य थानों से 16 मामले विवेचना के लिए स्थानान्तरित किए गए हैं।' महोबा जिले में महिलाओं की आबादी 4,10,118 है, यहां महिला थाना पिछले छह माह से ही वजूद में आया है, इस थाने की प्रभारी रजनी चैधरी बताती हैं कि ‘कुल 6 महिला सिपाही तैनात हैं, असलहा और वाहन नहीं हैं।

इस बीच आठ अभियोग दर्ज किए गए हैं और एक मामला स्थानान्तरित होकर आया है।' जालौन जनपद में महिलाओं की आबादी 7,74,914 है, यहां की महिला थाना प्रभारी दुर्गा धीमान कोई भी जानकारी देने से साफ इंकार कर दिया है, अलबत्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बताया गया कि ‘थाने में 16 महिला सिपाही तैनात हैं, असलहे एक भी नहीं हैं। वाहन में एक जिप्सी है, लेकिन चालक की तैनाती नहीं है।' हमीरपुर जिले में महिलाओं की जनसंख्या-5,63,801 है। यहां का थाना भवन निर्माणाधीन है, फिलहाल थाना अस्थाई तौर पर पुलिस लाइन में संचालित है। थाना प्रभारी अनुपमा श्रीवास्तव ने बताया कि ‘केवल आठ महिला सिपाही तैनात हैं। असलहा नहीं हैं, कभी-कभार गाड़ी पुलिस लाइन से मिल जाती है।'

बुंदेलखंड़ के सबसे पथरीले जनपद ललितपुर में महिलाओं की संख्या-5,78,610 है। यहां का महिला थाना 2010 से संचालित है, पर अब तक एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ। इस थाने की प्रभारी उपनिरीक्षक रचना राजपूत बताती हैं कि ‘थाने में 6 महिला सिपाही तैनात हैं, असलहों की जरूरत नहीं पड़ती, वाहन है पर ड्राइवर नहीं है।' बुंदेलखंड़ में झांसी को महानगर का दर्जा मिला हुआ है, यहां शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की संख्या-9,39,455 है। यहां महिला थाना 1994 से संचालित है। इस थाने की प्रभारी शीला देवी बताती हैं कि ‘थाने में 40 महिला सिपाही व एक उपनिरीक्षक तैनात हैं, पर्याप्त मात्रा में असलहे हैं और वाहन भी है।' वह बताती हैं कि ‘अब तक 40 अभियोग थाने में दर्ज किए जा चुके हैं और 10 अन्य थानों से स्थानान्तरित होकर विवेचना के लिए भेजे गए हैं।'

कुल मिलाकर महिला थानों में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती और उपलब्ध सरकारी संसाधनों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार बुंदेली महिलाओं की सुरक्षा के प्रति कितना सजग है और किस तरह महिला उत्पीड़न के मामलों में काबू पाती होगी? औसतन एक महिला उपनिरीक्षक पर साढ़े सात लाख और एक महिला सिपाही पर 53,0671 महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। महिला जन संगठन ‘नागिन गैंग' की चीफ कमांडर शीलू निषाद का कहना है कि ‘जनपद के प्रत्येक थानों में एक महिला सेल की स्थापना के साथ पर्याप्त मात्रा में महिला पुलिस की तैनाती और सरकारी संसाधन उपलब्ध होने चाहिए।' इसी प्रकार गुलाबी गैंग की वाइस कमांडर सुमन सिंह चैहान ने कहा कि ‘महिलाएं पुरुष वर्ग द्वारा ही प्रताडि़त की जाती हैं, पर उनकी सुरक्षा के मद्देनजर सरकार ने हजारों पुरुष सिपाही तैनात कर रखे है। लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘दाल में नमक' के बराबर भी महिला सिपाही नहीं हैं, जो बेहद चिंता का विषय है।'

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+