दिल्ली गैंगरेप: मुख्य आरोपी के घर को बम से उड़ाने की कोशिश
नई दिल्ली। गैंगरेप की पीड़िता तो अब इस जहान में नहीं है लेकिन उसकी दर्द की चीखों ने देश की सोयी जनता को जगा दिया है। लोगों का गुस्सा उफान पर है। लोगों को शायद अब कानून पर भरोसा नहीं रह गया है इसलिए वो खुद कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं। टीवी चैनलों पर आ रही खबरों के मुताबिक इस दर्दनाक और घिनौनी घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी के घर को बम से उड़ाने की कोशिश की गयी है।
जो खबरें प्रसारित हो रही हैं उसके मुताबिक दिल्ली गैंगरेप के मुख्य आरोपी राम सिंह के घर को बम से उड़ाने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसका नाम मनोज पवार बताया जा रहा है जो कि नेबसराय के शाहपुर जाट का रहने वाला है। राम सिंह का घर आरके पुरम में हैं जिसे मनोज ने बम से उड़ाने की कोशिश की थी।
बताया जा रहा है कि राम सिंह की पड़ोसी एक महिला से मनोज ने उसका घर का पता मालूम किया था। पता पूछने के बाद मनोज ने महिला से कहा था कि कृपा करके आप लोग यहां से चले जायें क्योंकि हम घर को बम से उड़ाने वाले हैं जिसके बाद महिला डर गयी उसने तुरंत पुलिस को फोन किया और पुलिस ने जानकारी के आधार पर मनोज को गिरफ्तार कर लिया। महिला के मुताबिक मनोज के साथ दो और लोग थे लेकिन पुलिस की गिरफ्त में केवल मनोज आ पाया।



Click it and Unblock the Notifications
