डर को किनारे कर, फेसबुक पर वापस लौटीं पलघर की शाहीन
मुंबई। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के देहान्त के बाद मुंबई बंद पर आवाज उठाने वाली शाहीन धाडा ने फिर से अपना फेसबुक अकाउंट एक्टिवेट कर लिया है। शाहीन ने अपने अकाउंट पर 'आई एम बैक' कहकर फेसबुक पर वापस आने की घोषणा की है। उसके फेसबुक पर आते ही तीन लोगों ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जिसे उसने स्वीकार कर लिया।
उन्होने अकाउंट में अपना फोटो भी लगाया। गौरतलब है कि बालासाहब ठाकरे की मृत्यु के बाद शाहीन ने अपने अकाउंट पर लिखा था कि 'किसी की मृत्यु पर पूरे शहर को बंद कर देना कहां तक ठीक है, इससे लोगों को हर रोज की जरूरतों को पूरा करने में दिक्क्त होती है।' उसके इस कमेंट को उसकी दोस्त रेनू श्रीनिवासन ने लाइक कर दिया था।

जिसके बाद शिवसैनिकों की मांग पर इन दोनों को 19 नवंबर को इंण्डियन पीनल कोड की धारा 295(ए) के अंतर्गत धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था बाद में जिसे आईपीसी की धारा 505(दो) के अंतर्गत लाया गया।
पुलिस द्वारा की गई इस गिरफ्तारी का पूरे देश में विरोध किया गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये गये। जिसके बाद 21 वर्षीय शाहीन और उसकी दोस्त को छोड़ दिया गया। गिरफ्तारी करने वाले दो पुलिस आफिसरों को निलंबित कर दिया गया था। इस केस को सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान में लिया जिसके बाद शाहीन और रेनू के खिलाफ लगे केस को वापस ले लिया गया।
शाहीन ने अब अपना मोबाइल नम्बर भी एक्टिव कर लिया है। शाहीन का कहना है कि अब मैं पालघर की गलियों में निडर होकर घूमना चाहती हूं। शाहीन का यह भी कहना है कि वह इस मामले की क्लोजर रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और चाहती है कि उसके घर के बाहर लगी पुलिस सुरक्षा को हटा लिया जाय।












Click it and Unblock the Notifications