शिवसेना से नहीं डरेंगी रीनू, फेसबुक पर की वापसी
मुंबई। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के निधन के बाद फेसबुक पर मुंबई बंद पर कमेंट करने वाली पलघर की शाहीन ढाढा और पोस्ट को लाइक करने वाली रीनू श्रीनिवासन ने डर के मारे अपने फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिये थे। इनमें से एक रीनू अब शिवसेना की धमकियों से नहीं डरेंगी। जी हां वो अब फेसबुक पर वापस आ गई हैं।
रीनू ने फेसबुक पर फिर से अकाउंट बना लिया है और अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट कर दी है। रीनू ने अपने पहले पोस्ट में लिखा है, "मैं बहुत थक गई थी, लेकिन अब मैंने जंग लड़ने की ठान ली है। मैं फेसबुक पर वापस आ गई हूं, मैंने अपनी लेटेस्ट फोटो भी डाली है, जिसे मैंने दिल्ली में क्लिक की थी।" 21 वर्षीय रीनू ने मीडिया से कहा कि इतने दिनों में मैंने इस पूरे प्रकरण के बारे में कई बार सोचा। मुझे लगता है कि मैंने लाइक बटन पर क्लिक करके कुछ भी गलत नहीं किया है। मुझे लगता है कि मुझे इसके लिये माफी भी नहीं मांगनी चाहिये थी, जो कि मैंने मांगी थी।

हम आपको बता दें कि आज इसी प्रकरण को लेकर शिवसेना ने पलघर में बंद का ऐलान किया है। असल में शिवसेना ने यह बंद महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ किया है, क्योंकि शहीन और रीनू को हिरासत में लेने वाले दो पुलिस अधिकारियों का निलंबन कर दिया गया।
वहीं पलघर की वर्तमान स्थित देखें तो बुधवार को जहां पूरी मुंबई तेज रफ्तार से दौड़ रही है, वहीं पलघर में सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि ऐतयात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के अंतिम संस्कार के दिन शाहीन डाढा ने फेसबुक पर पोस्ट किया था, "भारत में हर रोज सैंकड़ों लोग जन्म लेते हैं और मृत्यु को प्राप्त होते हैं। ऐसे में इस प्रकार का बन्द कितना सही है।" इस कमेंट को उसकी सहेली रीनू ने लाइक किया था। जिसके बाद दोनों को ही पुलिस ने धारा 295 (ए) और आईटी एक्ट 2000 की धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications